महेंद्रगढ़: प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार ने संभाला कुलपति का पद

0
441
Mahendragarh Professor Tankeshwar Kumar
Mahendragarh Professor Tankeshwar Kumar

नीरज कौशिक, महेंद्रगढ़:
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के कुलपति के रूप में प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार ने गुरुवार 29 जुलाई, 2021 को अपना पदभार ग्रहण किया। प्रो. टंकेश्वर कुमार ने कुलपति का दायित्च निवर्तमान कुलपति प्रो. आर.सी. कुहाड़ से विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. जे.पी. भूकर व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रहण किया। कुलपति के रूप में प्रो टंकेश्वर कुमार की नियुक्ति भारत के महामहिम राष्ट्रपति एवं विश्वविद्यालय के कुलाध्यक्ष श्री रामनाथ कोविंद द्वारा की गई है। 22 जुलाई, 2021 को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने प्रो. टंकेश्वर कुमार की हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (नेक द्वारा ए ग्रेड प्राप्त) के कुलपति के रूप में नियुक्ति का पत्र जारी किया था। नियुक्ति पत्र के अनुसार प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार को पदभार ग्रहण करने की तारीख से पांच साल के लिए नियुक्त किया गया है। प्रो. टंकेश्वर कुमार गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार में उप कुलपति के पद पर वर्ष 2015 से सेवारत थे।

प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार वर्तमान में गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय हिसार में उपकुलपति के पद पर आसीन थे। प्रोफेसर कुमार ने भौतिकी में अपनी उच्च शिक्षा कुरुक्षेत्र और पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से पूर्ण की है। उन्हें भौतिकी के क्षेत्र में 25 वर्षों तक कार्य करने का अनुभव है, और उन्होंने शैक्षिक, प्रशासन और प्रबंधन के क्षेत्र में 15 वर्ष तक अपना उल्लेखनीय योगदान दिया है। प्रोफेसर कुमार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेक परिषदों के सदस्य हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी विभाग के लिए कई शोध परियोजनाओं का कुशल निष्पादन किया है। प्रो. टंकेश्वर कुमार ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात विश्वविद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य करने का संकल्प लिया और कहा कि वह विश्वविद्यालय के सभी सहभागियों के साथ मिलकर विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को कार्यरूप में परिणत करना हमारी प्राथमिकता रहेगी। विश्वविद्यालय की विभिन्न पीठों के अधिष्ठाताओं, कुलसचिव डॉ. जे.पी. भूकर, अधिकारियों, कर्मचारियों सहित हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा की उपस्थिति में स्थानीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने नव नियुक्त कुलपति का पुष्प गुच्छ प्रदान करके स्वागत किया। इस अवसर पर निवर्तमान कुलपति प्रो. आर.सी. कुहाड़ भी उपस्थित रहे। प्रो. कुहाड़ ने नवनियुक्त कुलपति को हृदय से शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर कुलसचिव ने प्रो. टंकेश्वर कुमार को बधाई देते हुए विश्वविद्यालय की ओर से सम्पूर्ण समर्पण के साथ इसकी प्रगति में योगदान के लिए आश्वस्त किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

SHARE