Maharashtra News: पूर्व मुख्यमंत्री व शिवसेना नेता मनोहर जोशी का निधन

0
112
Maharashtra News
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता मनोहर जोशी।

Aaj Samaj (आज समाज), Maharashtra News, मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता मनोहर जोशी का निधन हो गया है। वह 86 वर्ष के थे। उन्हें बुधवार को हार्ट अटैक आया था और उसी दिन से वह मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती थे। आज सुबह उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। मुंबई स्थित शिवाजी पार्क श्मशान में आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

परिवार में 1 बेटा व दो बेटियां, पत्नी का पहले निधन

महाराष्ट्र के तटीय कोंकण इलाके में 2 दिसंबर, 1937 को जन्में मनोहर जोशी ने मुंबई के प्रतिष्ठित वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। उनकी पत्नी अनघा जोशी थीं, जिनका 75 साल की उम्र में 2020 में निधन हो गया था। जोशी के परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।

अविभाजित शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री थे जोशी

मनोहर जोशी अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में 2002 से लेकर 2004 तक वे लोकसभा स्पीकर भी रहे।  वहीं वह 1995-1999 तक अविभाजित शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने एक अध्यापक के रूप में अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद वह 1968-70 तक मुंबई नगर निगम के पार्षद रहे और बाद में मुंबई नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। साल 1976-77 के बीच मनोहर जोशी मुंबई के मेयर भी रहे।

मनोहर जोशी 1972 में महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य चुने गए और तीन कार्यकाल तक इसके सदस्य रहे। साल 1990 में मनोहर जोशी महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य चुने गए और इस दौरान नेता विपक्ष भी रहे। वह 1967 में राजनीति में आए। आरएसएस के साथ राजनीति की शुरुआत हुई थी। बाद में शिवसेना में शामिल हो गए थे। 40 साल से ज्यादा समय तक मनोहर जोशी शिवसेना से जुड़े रहे।

बाला साहेब ठाकरे के करीबी थे जोशी

मनोहर जोशी शिवसेना के संस्थापक बाला साहेब ठाकरे के करीबी थे और शिवसेना के गठन में उनकी अहम भूमिका थी। हालांकि मनोहर जोशी ने कुछ साल पहले उद्धव ठाकरे की सार्वजनिक तौर पर आलोचना की थी, जिसके बाद वे शिवसेना की राजनीति में हाशिए पर चले गए थे। 1980 के दशक में मनोहर जोशी, शिवसेना के ताकतवर नेताओं में से एक बनकर उभरे थे और पार्टी संगठन पर अपनी पकड़ के लिए जाने जाते थे।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE