एलपीजी की कीमतों में फिर इजाफा, 25 रुपए बढ़े दाम

0
535
lpg
lpg
आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली:
नई दिल्ली। देश की आइल मार्केटिंग कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस के सिलेंडर की कीमतों में 25 रुपए का इजाफा किया है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलेंडर 834.50 रुपए से बढ़कर 859.50 रुपए का हो गया है। कोलकाता में इसका दाम 861 रुपए से बढ़कर 886 रुपए का हो गया है, मुंबई में यह 834.50 रुपए से बढ़कर 859.50 रुपए और चेन्नई में 850.50 रुपए से बढ़कर 875.50 रुपए का हो गया है। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 68 रुपए का इजाफा हुआ है। दिल्ली में अब यह 1618 रुपए में मिलेगा। इस महीने की शुरुआत में भी 19 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम में 73.5 रुपए  का इजाफा किया गया था। हालांकि तब घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई थी। गौरतलब है कि कंपनियां हर महीने एलपीजी सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। हर राज्य में टैक्स अलग-अलग होता है और इसके हिसाब से एलपीजी के दामों में अंतर होता है।  इससे पहले एक जुलाई को रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 25.50 रुपए  की बढ़ोतरी की गई थी। हालांकि इंडियन आॅयल ने अब तक नई कीमतों की जानकारी अपनी वेबसाइट पर नहीं दी है। लेकिन अगर आप सिलेंडर बुक करते हैं तो ग्राहकों से गैस सिलिंडर के लिए बढ़ी हुई कीमत वसूली जा रही है। मालूम हो कि पिछले एक साल में अब तक एलपीजी गैस की कीमत 265.50 रुपये बढ़ चुकी है। वहीं जनवरी से अब तक इसका दाम 163.50 रुपये बढ़ा है।
गैस सिलेंडर पर कैसे मिलती है सब्सिडी 
मौजूदा समय में सरकार कुछ ग्राहकों को एक वर्ष में 14.2 किलोग्राम के 12 सिलेंडरों पर सब्सिडी प्रदान करती है। अगर ग्राहक इससे ज्यादा सिलेंडर लेना चाहते है, तो वे उन्हें बाजार मूल्य पर खरीदते हैं। गैस सिलेंडर की कीमत हर महीने बदलती है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं।
SHARE