Kisan Andolan 11 February 2024: किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर, पंजाब के बॉर्डर सील, हरियाणा में कई जगह 144 लागू

0
174
Kisan Andolan 11 February 2024
किसानों के दिल्ली कूच के मद्देनजर, पंजाब के सभी बॉर्डर सील, 12 जिलों में धारा 144 लागू, इंटरनेट बंद

Aaj Samaj (आज समाज), Kisan Andolan 11 February 2024, चंडीगढ़: किसानों के दिल्ली कूच के मद्दनेजर पंजाब व हरियाणा में कई जगह तनाव का माहौल बरकरार है। पंजाब और हरियाणा के किसान संगठनों के 13 फरवरी को दिल्ली कूच का आह्वान किया है जिसके बाद शनिवार से ही अंबाला व आसपास के जिलों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। हरियाणा सरकार ने पंजाब से आने वाले सभी बॉर्डर सील कर दिए हैं और साथ ही 12 जिलों में धारा 144 व सात जिलों में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया है।

  • हरियाणा, पंजाब व दिल्ली में अलर्ट

13 फरवरी तक इन जिलों में इंटरनेट बंद

किसानों की आह्वान के चलते दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में अलर्ट है। हरियाणा गृह विभाग के मुताबिक, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा और पुलिस जिला डबवाली में 11 फरवरी को सुबह छह बजे से लेकर 13 फरवरी रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क एसएमएस और डोंगल सर्विस ठप रहेगी। व्यक्तिगत एसएमएस, बैकिंग एसएमएस, ब्रॉडबैंड व लीज लाइंस पहले की तरह चलती रहेंगी।

पुलिस ने हरियाणा में 152 से ज्यादा नाके लगाए

हरियाणा पुलिस ने राज्य में 152 से ज्यादा नाके लगाए गए हैं। टीकरी बॉर्डर पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही है। पंजाब-हरियाणा की सीमा पर बने शंभू बॉर्डर, कैथल से लगते पंजाब के 12 रास्ते और कुरुक्षेत्र के तीन बॉर्डर को सील कर सीमेंट के ब्लॉक, बैरिकेड्स व कंटेनर रखे गए हैं, ताकि किसानों को आगे बढ़ने से रोका जा सके। इन सीमाओं पर पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों का भी सख्त पहरा है।

इन 12 जिलों में धारा 144 लागू

प्रदेश सरकार ने एहतियातन जिन 12 जिलों में धारा144 लागू की है उनमें रोहतक, सोनीपत, झज्जर, जींद, कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला, सिरसा,, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और पंचकूला हैं। इसके तहत सार्वजनिक जगहों पर पांच लोगों के एकत्र होने पर अगले आदेशों तक रोक रहेगी।

केंद्र ने अर्द्धसैनिक बलों की 50 कंपनियां भेजी

केंद्र सरकार ने हरियाणा के लिए अर्द्धसैनिक बलों की 50 कंपनियां भेजी हैं। 15 कंपनियां और भी आ सकती हैं। शनिवार को हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने अंबाला के शंभू व सद्दोपुर बॉर्डर और कैथल के टटियाना नाके का दौरा किया। हरियाणा पुलिस ने लोगों को 13 फरवरी को राज्य के मुख्य मार्गों और हरियाणा से पंजाब की ओर जाने वाले रास्तों में आवश्यक परिस्थितियों में ही यात्रा करने की सलाह दी है।

दिल्ली कूच पर अड़े हैं 23 किसान संगठन

हरियाणा व पंजाब के करीब 23 किसान संगठन दिल्ली कूच पर अड़े हैं। उनका कहना है जब तक सरकार उनकी मांगों को मानकर संवैधानिक तौर पर उसकी घोषणा नहीं करती। 13 फरवरी को होने वाला आंदोलन किसी हालत में नहीं रुकेगा।

रेलवे ने भी समस्या से निपटने की तैयारी की

रेलवे ने भी जीआरपी और आरपीएफ के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। शंभू बॉर्डर पर रेललाइन के नजदीक अस्थायी चौकी बनाई जाएगी। यहां दो रिजर्व बटालियन तैनात की जाएंगी। अंबाला के डीआरएम मंदीप सिंह भाटिया ने बताया कि ट्रेनों का संचालन भी पूर्व की तरह जारी रहेगा। अभी कोई निर्देश नहीं मिला है।

चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले अपनाएं ये रूट

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) ममता सिंह ने बताया कि दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे पर बाधित होने पर यात्री वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करें। चंडीगढ़ से दिल्ली जाने वाले यात्री डेराबस्सी, बरवाला/रामगढ़, साहा, शाहबाद, कुरूक्षेत्र के रास्ते या पंचकूला, एनएच-344 यमुनानगर इंद्री/पिपली, करनाल होते हुए दिल्ली पहुंचे। इसी तरह दिल्ली से चंडीगढ़ जाने वाले यात्री करनाल, इंद्री/पिपली, यमुनानगर, पंचकूला होते हुए चंडीगढ़ या कुरूक्षेत्र, शाहबाद, साहा, बरवाला, रामगढ़ होते हुए अपने चंडीगढ़ पहुंचे। परेशानी होने पर डायल-112 पर संपर्क करें। टीम मात्र सात मिनट में पहुंच जाएगी।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE