Uttarakhand Monsoon, (आज समाज), देहरादून: मानसून की दस्तक के साथ ही उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए गर्मी से राहत के साथ आफत बनकर आई है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदिया-नाले उफान पर हैं। कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाओं के कारण सड़क बाधित होने से आम जनजीवन बाधित हो गया है। स्थानीय प्रशासन सड़कों से मलबा हटाने में युद्धस्तर पर जुटा है।
रिवर राफ्टिंग पर लगाई रोक
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि उत्तराखंड में मानसून एक्टिव है जिसके कारण राज्य में तेज बारिश हो रही है। राज्य के अधिकतर इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे और बद्रीनाथ हाईवे को कई स्थानों पर बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई है। बुधवार दोपहर के बाद हुई झमाझम बारिश के दौरान चमोली जिले में गुलाबकोटी के पास बद्रीनाथ एनएच पर भारी मलबा आया, जिसके कारण माग बंद हो गया।
बागेश्वर में 98 मिमी बारिश
मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि बुधवार तक राजधानी देहरादून में 62 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं बागेश्वर में 98 मिमी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार अभी बारिश थमने वाली नहीं है। अगले तीन दिन तक राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
बागेश्वर में अलर्ट, सभी स्कूल बंद किए गए
मूसलाधार बारिश के चलते बागेश्वर में पहाड़ों से सड़कों पर मलबा आ गया है, जिसके कारण 14 ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं और लगभग 50 गांवों का संपर्क टूट गया है। अब भी बारिश कम होने के आसार नहीं है। प्रशासन मशीनरी की मदद से सड़कों से मलबा हटाने में जुटा है। कई इलाकों में बिजली गुल है। इस बीच मौसम विभाग ने बागेश्वर में आॅरेंज अलर्ट जारी किया है जिसे देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है।
अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा
बद्रीनाथ में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है जिसके कारण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही घट गई है। बद्रीनाथ मार्ग के बंद होने से यात्रियों की संख्या में जबरदस्त गिरावट आई है। प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा के समय सतर्क रहने की सलाह दी है। ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे रुद्रप्रयाग जिले में धारी देवी के पास सिरोबगड़ में भी बंद हो गया है, जिससे चारधाम यात्रा श्रद्धालु हाईवे पर फंस गए हैं।
यह भी पढ़ें : Maharashtra Weather: मुंबई में भारी बारिश, सड़कें बनी तालाब, रेड अलर्ट


