Road Accident In Mathura, (आज समाज), लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मथुरा के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने कम से कम छह लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान अमर दुबे के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर लिया है।
बस से दिल्ली से कानपुर जा रहे थे पीड़ित
अधिकारियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 2.45 बजे सुरिर पुलिस स्टेशन के इलाके में माइलस्टोन 88 के पास हुई। शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जब यह हादसा हुआ, तो पीड़ित बस से दिल्ली से कानपुर जा रहे थे। बस ब्रेक के लिए रुकी थी, तभी ट्रक ड्राइवर ने अपने वाहन से कंट्रोल खो दिया और यात्रियों को कुचल दिया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।
मृतकों में से चार की पहचान
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। स्लीपर बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी और यह एक्सप्रेसवे पर रुकी थी, तभी एक ट्रक ने यात्रियों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। अधिकारी ने कहा, हमने मरने वालों के परिवार वालों से संपर्क किया है। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में से चार की पहचान औरैया निवासी सोनू, बस्ती के रहने वाले देवेश, कन्नौज निवासी असलम और प्रेम नगर, दिल्ली के रहने वाले संतोष के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें : UP Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हादसा, 6 लोगों की मौत, दो गंभीर


