Tamil Nadu News, (आज समाज), चेन्नई: तमिलनाडु के नव-निर्वाचित मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (C Joseph Vijay) शपथ ग्रहण करने के बाद लगातार एक्शन में हैं। उन्होंने राज्य में सार्वजनिक जगहों के आसपास मौजूद तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) की 717 शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। सरकार के सूत्रों के अनुसार जन कल्याण के हित में यह निर्णय लिया गया है।
पहले दिया था सर्वेक्षण करने का आदेश
मुख्यमंत्री ने शिक्षण संस्थानों, बस अड्डों और पूजा स्थलों के 500 मीटर के दायरे में मौजूद टीएएसएमएसी की 717 शराब की खुदरा दुकानों को दो हफ्ते के भीतर बंद करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद, विजय ने टीएएसएमएसी शराब की दुकानों का सर्वेक्षण करने का आदेश दिया था। सर्वेक्षण के दौरान शराब की ऐसी दुकानों की पहचान की गई जो पूजा स्थलों, शिक्षण संस्थानों और बस स्टैंडों के पास चल रही हैं। इसके बाद अब इन्हें दो सप्ताह में हटाने का आदेश दिया गया।
राज्य में संचालित की जा रही 4,765 खुदरा दुकानें
वर्तमान में टीएएसएमएसी द्वारा 4,765 खुदरा शराब की दुकानें संचालित की जा रही हैं। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 717 खुदरा शराब की दुकानों में पूजा स्थलों के पास 276 दुकानें हैं। वहीं शिक्षण संस्थानों के पास 186 दुकानें और बस स्टैंडों के पास 255 दुकानें मौजूद हैं। हालांकि TASMAC शराब की दुकानों से तमिलनाडु सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है, फिर भी सभी राजनीतिक दलों की ओर से इनमें से कई खुदरा दुकानों को बंद करने की मांग उठती रही है।
टीएएसएमएसी ईडी की जांच के दायरे में
टीएएसएमएसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दायरे में भी आ गया है। पिछले साल, जांच एजेंसी ने प्रिवेंशन आॅफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत टीएएसएमएसी और उससे जुड़ी संस्थाओं से संबंधित कथित अपराधों के सिलसिले में, पूरे तमिलनाडु में कई जगहों पर छापेमारी की थी। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) ने अपने घोषणापत्र में एक नशामुक्त तमिलनाडु का भी वादा किया है।
ये भी पढ़ें : Assam Politics: हिमंता सरमा आज लेंगे सीएम पद की शपथ, पीएम भी रहेंगे मौजूद


