Sapna Choudhary Divorce: मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी अपने पति वीर साहू से तलाक ले रही हैं। उन्होंने कोर्ट में तलाक का केस फाइल कर दिया है। लंबे समय से दोनों के रिश्तों में अनबन और तलाक लेने के फैसले से जुड़ी खबरें आ रही थीं। आखिरकार सपना ने उन खबरों पर मुहर लगी दी है।
तलाक का केस फाइल
सपना ने एक पॉडकास्ट में कहा कि अभी तलाक हुआ नहीं है, लेकिन हो जाएगा। वह यही चाहती हैं। वह इस रिश्ते को चलाना चाहती थीं, लेकिन शायद यह उनकी अपनी जिद थी। हकीकत में यह रिश्ता चलना ही नहीं था। पॉडकास्ट में सपना ने दूसरी शादी और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर भी बात की।
‘जिम्मेदारियों में उलझ गई’
सपना ने कहा कि एक समय वह पत्नी, मां, किसी की काकी और किसी की भाभी बनकर रह गई थीं। इस दौरान वह खुद के करियर पर ध्यान नहीं दे पाईं। साल 2020 में उन्हें अपनी ग्रूमिंग और आत्म-विकास पर काम करना चाहिए था, लेकिन वह रिश्तों और जिम्मेदारियों में उलझकर रह गईं।
‘निजी जीवन पर टिप्पणी गलत’
सपना ने कहा कि तलाक लेने वाले या तलाकशुदा लोगों को निशाना बनाना गलत है। किसी के निजी रिश्ते में दूसरों को दखल देने का अधिकार नहीं है। रिश्ते पर किसी को टिप्पणी करने की जरूरत ही नहीं है। आप किसी की जिंदगी में जबरदस्ती घुसते हो तो वह एक तरह का पाप है। जब किसी को यह पता ही नहीं कि दो लोगों के रिश्ते में क्या हुआ, तो वह उनके रिश्ते पर फैसला कैसे सुना सकता है।
‘दूसरी शादी का इरादा नहीं’
दूसरी शादी को लेकर सपना ने कहा कि फिलहाल उनका ऐसा कोई इरादा नहीं है। भविष्य में अगर कोई उन्हें सही और उनके लायक मिला तो इस बारे में सोचेंगी। अभी वह दूसरी शादी को लेकर जल्दबाजी नहीं करना चाहतीं।
सपना से संपर्क करने पर रोक
याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने आदेश दिया था कि अगली सुनवाई तक वीर साहू किसी भी माध्यम से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या आसपास जाने से भी रोक दिया गया। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि वीर साहू किसी तरह की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न नहीं करेंगे। गौरतलब है कि सपना चौधरी की शादी 24 जनवरी 2020 को हिसार जिले के मदनहेड़ी गांव निवासी हरियाणवी सिंगर वीर साहू के साथ हुई थी। सपना दो बेटों की मां हैं।


