PM Modi, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया का दौरा पूरा करके शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए। विदेश मंत्रालय ने इससे पहले पेरिस से उनके भारत रवाना होने की घोषणा की और कहा कि इस दौरे से भारत-फ्रांस स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई गति मिली है। पीएम मोदी ने भी दौरे पर अपने विचार साझा किए हैं।
स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई गति मिली
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस का एक सफल दौरा पूरा किया, जिसमें कई तरह की गतिविधियां शामिल थीं। इस दौरे से भारत-फ्रांस स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को नई गति मिली और प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता और मजबूत हुई।
गतिविधियों व नतीजों के मामले में फ्रांस दौरा व्यापक रहा
पीएम मोदी ने इस यात्रा को गतिविधियों और नतीजों, दोनों ही लिहाज से व्यापक बताया। उन्होंने एक्स पर एक एक पोस्ट में लिखा, गतिविधियों और नतीजों के मामले में फ्रांस का यह दौरा व्यापक रहा है। इसकी शुरुआत नीस से हुई, जहां ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मोदी ने कहा, इसके बाद जी7 के लिए एवियन और फिर पेरिस गए, जहां मैंने विवाटेक-2026 और एक बड़े सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके अलावा वहां सीईओ से मुलाकात की।
फ्रांस सरकार का स्नेह के लिए विशेष रूप से आभारी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मैं अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का उनके स्नेह के लिए विशेष रूप से आभारी हूं। आने वाले समय में भारत-फ्रांस की दोस्ती और भी मजबूत होगी। प्रधानमंत्री के दौरे में नीस, एवियन और पेरिस में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शामिल थे, जिनमें इनोवेशन, टेक्नोलॉजी, आर्थिक सहयोग और भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
विवाटेक-2026 में संबोधन के दौरान भारत की तेज प्रगति पर प्रकाश
पेरिस में यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट्स में से एक, विवाटेक-2026 में अपने संबोधन के दौरान, मोदी ने इनोवेशन और डिजिटल बदलाव के क्षेत्र में भारत की तेज प्रगति पर प्रकाश डाला। एक अन्य पोस्ट में पीएम ने लिखा, पेरिस में विवाटेक-2026 में बोलकर खुशी हुई। वहां, मैंने टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और स्टार्टअप के क्षेत्रों में भारत की उल्लेखनीय प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, मैंने इस बात पर जोर दिया कि भारत अपने नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए टेक्नोलॉजी का किस तरह उपयोग करता है।


