PM Modi On HPCL Visakh Refinery, नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने आंध्र प्रदेश में विशाख रिफाइनरी में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की रेसिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी (आरयूएफ) के चालू होने की सराहना की है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में, उन्होंने आज कहा, एचपीसीएल ने अपनी विशाख रिफाइनरी में रेसिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी शुरू की है, जो देश की रिफाइनिंग क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा, यह अत्याधुनिक सुविधा ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देने के हमारे प्रयासों को गति देती है, जिससे इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल होती है।
आत्मनिर्भर भारत की ओर एक निर्णायक छलांग : हरदीप पुरी
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इससे पहले, पर एक पोस्ट में कहा था कि आंध्र प्रदेश में यह महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की ओर एक निर्णायक छलांग है। केंद्रीय मंत्री ने इस सुविधा के चालू होने को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भारत की यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
सुविधा ‘स्वदेशी इंजीनियरिंग का एक मास्टरपीस’
हरदीप सिंह पुरी ने पोस्ट में कहा, विशाख रिफाइनरी में यह सुविधा ‘स्वदेशी इंजीनियरिंग का एक मास्टरपीस’ है, जिसमें 2,200 टन के तीन एलसी मैक्स रिएक्टर हैं, जो दुनिया के सबसे भारी इंजीनियरिंग ब्लॉकों में से हैं, और सभी भारत में ही बनाए और असेंबल किए गए हैं। मंत्री ने आगे लिखा, 3.55 एमएमटीपीए की क्षमता के साथ, आरयूएफ उन्नत रेसिड्यू हाइड्रोक्रैकिंग तकनीक का उपयोग करके बैरल के निचले हिस्से के तेलों का 93 प्रतिशत उच्च-मूल्य वाले उत्पादों में परिवर्तित करता है, जिससे राष्ट्र के तेजी से विकास को बढ़ावा देने के लिए हर बैरल का अधिकतम उपयोग होता है!
प्रोसेसिंग क्षमता को बढ़ाया
31,407 करोड़ रुपए के निवेश के साथ, आंध्र प्रदेश में एचपीसीएल की विशाख रिफाइनरी ने अपनी प्रोसेसिंग क्षमता को 8.33 मिलियन टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर 15 मिलियन टन प्रति वर्ष कर दिया है। विशाख रिफाइनरी में इस विस्तार परियोजना ने आंध्र प्रदेश के पूर्वी तट राज्य को भारत के ऊर्जा केंद्रों में से एक बना दिया है, जिससे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में ऊर्जा जरूरतों को मजबूती मिली है।
हाल ही में एक डेमोंस्ट्रेशन प्लांट का उद्घाटन किया
हाल ही में, विशाख रिफाइनरी ने अपनी फुल कन्वर्जन हाइड्रोक्रैकर यूनिट में इस्तेमाल किए गए कुकिंग आयल (यूसीओ) की को-प्रोसेसिंग के जरिए सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ) प्रोडक्शन के लिए एक डेमोंस्ट्रेशन प्लांट का उद्घाटन किया, जिसमें मौजूदा रिफाइनरी एसेट्स का इस्तेमाल किया गया। एचपीसीएल के रोडमैप के अनुसार, जरूरी सर्टिफिकेशन के बाद, विशाख रिफाइनरी जनवरी 2027 से हर साल 10 टीएमटी एसएएफ का प्रोडक्शन करेगी, जो एविएशन को डीकार्बनाइज करने और सर्कुलर, वेस्ट-टू-वेल्थ इकोनॉमी को बढ़ावा देने की भारत की प्रतिबद्धता को सपोर्ट करेगा।
कच्चे तेल की जरूरत का लगभग 80 प्रतिशत आयात पर निर्भर
भारत का एसएएफ ब्लेंडिंग मैंडेट 2027 तक 1 प्रतिशत, 2028 तक 2 प्रतिशत और 2030 तक 5 प्रतिशत ब्लेंडिंग हासिल करना है। भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरत का लगभग 80 प्रतिशत आयात पर निर्भर है। सरकार ने घरेलू कच्चे तेल के प्रोडक्शन को बढ़ाने और आयात को कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं। फिलहाल, भारत अपनी मांग को पूरा करने के लिए ज्यादा से ज्यादा देशों से तेल और गैस आयात कर रहा है, अभी लगभग 40 देशों से।
ये भी पढ़ें : PM Modi News: प्रधानमंत्री ने केरल के महान समाज सुधारक मन्नथु पद्मनाभन की जयंती पर किया उन्हें याद


