Mann Ki Baat: पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच भारतीयों की मदद के लिए खाड़ी देशों का धन्यवाद : पीएम मोदी

0
229
Mann Ki Baat
Mann Ki Baat: पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच भारतीयों की मदद के लिए खाड़ी देशों का धन्यवाद : पीएम मोदी

Mann Ki Baat, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड को संबोधित किया और इस दौरान उन्होंने पश्चिम एशिया तनाव के बीच भारतीय नागरिकों की मदद के लिए खाड़ी देशों का धन्यवाद किया। बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बीते 30 दिन से जारी युद्ध के कारण पश्चिम एशिया-मिडिल ईस्ट में लगातार तनावपूर्ण स्थिति है।

भारत डटकर कर रहा वैश्विक ईंधन संकट का सामना

प्रधानमंत्री ने राजनीतिक दलों और नागरिकों से अपील की कि वे पश्चिम एशिया संघर्ष का राजनीतिकरण न करें और अफवाहें फैलाने से बचें। उन्होंने कहा, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण पैदा हुई वैश्विक उथल-पुथल में भारत वैश्विक ईंधन संकट का डटकर सामना कर रहा है।

वैश्विक स्तर पर काफी घटनापूर्ण रहा मार्च

पीएम ने कहा, मार्च का महीना वैश्विक स्तर पर काफी घटनापूर्ण रहा है। अतीत में, पूरी दुनिया ने कोविड के कारण लंबे समय तक कई समस्याओं का सामना किया था। हम सभी को उम्मीद थी कि कोविड संकट से उबरने के बाद, दुनिया एक नई शुरुआत के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगी। लेकिन दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में युद्ध और संघर्ष की स्थितियां लगातार बनी रहीं।

खाड़ी देशों में काम करते हैं लाखों भारतीय

प्रधानमंत्री ने कहा, फिलहाल, हमारे पड़ोस में पिछले एक महीने से भीषण युद्ध चल रहा है। लाखों परिवारों के रिश्तेदार इन देशों में रहते हैं और विशेष रूप से खाड़ी देशों में काम करते हैं। उन्होंने ने कहा, मैं खाड़ी देशों का आभारी हूं कि उन्होंने वहां रह रहे एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर तरह की सहायता प्रदान की है।

ईंधन को लेकर पूरी दुनिया में गहरा रहा संकट

पीएम ने कहा, पूरी दुनिया में पेट्रोल और डीजल को लेकर एक संकट गहरा रहा है। उन्होंने कहा, हमारे वैश्विक संबंध, विभिन्न देशों से हमें मिलने वाला समर्थन और पिछले एक दशक में हमने जो ताकत हासिल की है उसने भारत को इन चुनौतियों का डटकर सामना करने में सक्षम बनाया है। ये निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण समय हैं। आज, ‘मन की बात’ के माध्यम से, मैं एक बार फिर सभी देशवासियों से आग्रह करूंगा कि वे सतर्क रहें और अफवाहों से गुमराह न हों। प्रधानमंत्री ने कहा,  हम एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करें और इस पर विजय प्राप्त करें।

सरकार द्वारा दी जा रही जानकारी पर करें भरोसा 

पीएम मोदी ने विपक्ष पर परोक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने कहा, जो लोग इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। यह मुद्दा 140 करोड़ भारतीयों के हितों से जुड़ा है और इसमें स्वार्थ-प्रेरित राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। जो लोग अफवाहें फैला रहे हैं, वे देश को बहुत नुकसान पहुंचा रहे हैं। सरकार द्वारा लगातार दी जा रही जानकारी पर भरोसा करें और उसी के आधार पर कदम उठाएं।

ये भी पढ़ें : PM Modi News: प्रधानमंत्री ने लोगों से किया पोरबंदर में चल रहे माधवपुर मेले में भ्रमण करने का आह्वान