Maharashtra News, (आज समाज), मुंबई: महाराष्ट्र के नागपुर में कार के एक गोदाम में भीषण आग लगने से लगभग 400 कारें जल गई हैं। दमकल विभाग ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना खैरी-कन्हान मार्ग स्थित तारानगर इलाके की है। यहां पुराने वाहनों के गोदाम में आग लगी थी। लगभग 400 पुरानी कारों के जलकर खाक होने के अलावा टायर और स्पेयर पार्ट्स भी जलकर राख हो गए।
मनोज नागदेवे और उनके साथियों का है गोदाम
बताया गया है कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते करीबी 400 कारें, स्पेयर पार्ट्स और टायर खाक हो गए।आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम लपटों से घिर गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह गोदाम मनोज नागदेवे और उनके साथियों का है। यहां पुरानी कारें, उनके स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य सामान रखने के साथ मरम्मत की गई पुरानी गाड़ियां रखी जाती थी।
देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार दोपहर में अचानक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते आग तेजी से फैली गई और उसने पूरे परिसर को चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिख रहा था। घटना के समय गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहंची थी दमकल की 15 गाड़ियां
नागपुर महानगरपालिका, कामठी और येरखेड़ा समेत आसपास के इलाकों से दमकल की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक गोदाम में खड़ी करीब 400 पुरानी कारें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य सामग्री भी नष्ट हो गई।
इलाके में धुएं के कारण लोगों में दहशत
आग लगने के बाद कुछ समय तक पूरा इलाका धुएं से भर गया था, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि आग लगने की असली वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। गोदाम मालिक को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Maharashtra Car Accident : महाराष्ट्र में कुएं में गिरी कार, छह बच्चों सहित 9 की मौत


