J&K News: बांदीपुरा के गुरेज क्षेत्र की तुलैल घाटी में फटा बादल, बड़े पैमाने पर हुई तबाही

0
117
J&K News
J&K News: बांदीपुरा के गुरेज क्षेत्र की तुलैल घाटी में फटा बादल, बड़े पैमाने पर हुई तबाही

J&K News, (आज समाज), श्रीनगर: उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा जिले में बादल फटने से बड़े पैमाने पर तबाही मची है। अधिकारियों के मुताबिक घटना जिले के गुरेज क्षेत्र की तुलैल घाटी में मंगलवार शाम को हुई और अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। बादल फटने के बाद पहाड़ी से तेज बहाव से आया मलबा कई घरों में घुस गया और भारी नुकसान हुआ है। एक पुल केभी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।

चकवाली नाले के पास हुई बादल फटने की घटना 

अधिकारियों के अनुसार प्रशासन नुकसान का आकलन करेगा। उन्होंने बताया कि चकवाली नाले के पास बादल फटने की घटना हुई है। जैसे ही बादल फटा, नाले में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया और तेज बहाव के साथ पत्थर व मिट्टी मिला मलबा आसपास के गांवों में घुस गया।

तुलैल में वाहनों की आवाजाही बाधित

इलाके में सड़कों को खासा नुकसान पहुंचा जिसके कारण तुलैल में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। इलाके के लोगों ने बताया कि अचानक आई बाढ़ का पानी खेतों तथा निचले क्षेत्रो में घुस गया जिससे गांवों के लोगों व किसानों की चिंता बढ़ गई है। गनीमत यह रही है कि बादल फटने की इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

राहत टीमें प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना

सूत्रों के मुताबिक स्थानी प्रशासन ने नुकसान का पता लगाने व राहत कार्यों की समीक्षा करने के लिए टीमों को प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना कर दिया है। साथ ही अधिकारियों ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों व नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। इसकी वजह ऊंचाई वाले इलाकों में अब भी मौसम के खराब होने की संभावना है।

संवेदनशील मानी जाती हैं गुरेज व तुलैल घाटियां 

अधिकारियों ने बताया है कि मौसम में सुधार होते ही क्षतिग्रस्त पुल व अन्य बुनियादी ढांचों को रिपेयर कर दिया जाएगा। बता दें कि हिमालयी क्षेत्र में स्थित बांदीपुरा जिले की गुरेज व तुलैल घाटियां गर्मियों में बादल फटने व अचानक बाढ़ जैसी आपदाओं के प्रति संवेदनशील मानी जाती हैं।

ये भी पढ़ें : Drone Attack Alert: केंद्र की चेतावनी के बाद एंटी ड्रोन सिस्टम की तैनाती शुरू