India-Pakistan relations, (आज समाज), नई दिल्ली: दुनियाभर में भारत की वाहवाही के पीछे मोदी सरकार के कई मानवीय कार्य भी हैं। बाढ़ की विभिषिका झेल रहे श्रीलंका के लिए सरकार ने एक और दरियादिली दिखाई है। दरअसल, एक और भारत सरकार श्रीलंका को स्वंय भी राहत सामग्री भेज रही है, वहीं पाकिस्तान को भी श्रीलंका के लिए राहत सामग्री भेजने के लिए सरकार ने अपना एयरस्पेस इस्तेमाल करने की इजाजत दी है। जबकि आपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान के रिश्तों के बीच बने तनाव के बाद पाकिस्तान ने अब तक भारत को अपना एयरस्पेस इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी है।
ये भी पढ़ें: Indo-Pak Relations: भारत ने सद्भावना का परिचय देते हुए पाकिस्तान को तवी नदी में बाढ़ से किया सचेत
भारत ने पाकिस्तान के झूठ को खारिज किया
पाकिस्तान की ओर से इस बीच यह भी आरोप लगाया गया कि वह श्रीलंका को राहत सामग्री भेजना चाहता है, पर भारत उसे अपना एयरस्पेस नहीं दे रहा है। भारत ने उसके इस झूठ को खारिज कर कहा है कि उसने महज चार घंटे में पड़ोसी मुल्क को अपना हवाई क्षेत्र इस्तेमाल करने के लिए क्लियरेंस दे दी थी। बता दें कि पाकिस्तानी विमानों को राहत सामग्री श्रीलंका भेजने के लिए भारत के एयरस्पेस से गुजरना जरूरी है।
ये भी पढ़ें: Indo-Pak Tension: भारत-पाकिस्तान के बीच आज नहीं होगी DGMO स्तर की वार्ता
महज 4 घंटे बाद क्लियरेंस दे दी : भारत
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्टों में दावा किया जा रहा था कि भारत ने मानवीय मदद लेकर श्रीलंका जा रहे पाकिस्तानी विमानों को अपने यहां से गुजरने से इनकार कर दिया है। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक एक दिसंबर को दोपहर लगभग एक बजे पाकिस्तान की ओर से भारतीय एयरस्पेस में उड़ान भरने के लिए एक ही दिसंबर के लिए आधिकारिक निवेदन दिया गया था। उन्होंने बताया, रिक्वेस्ट श्रीलंका को मानवीय सहायता से जुड़ी थी इसलिए पड़ोसी मुल्क की अपील के महज 4 घंटे बाद इसे क्लियरेंस दे दी गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति से की बात
चक्रवात दित्वाह के कारण हुई बारिश व बाढ़ के विभिन्न हादसों में श्रीलंका में अब तक 355 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 360 से अधिक लापता हैं। श्रीलंका सरकार ने भीषण तबाही के बाद संकट को राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर बात कर भारत की ओर से उन्हें हर संभव मदद का वादा किया है।
मदद के लिए राष्ट्रपति दिसानायके ने किया धन्यवाद
प्रधानमंत्री मोदी ने दिसानायके के साथ बातचीत में कहा कि तूफान के चलते जानमाल के नुकसान व बड़े पैमाने पर हुई तबाही पर बहुत दुख हुआ है। उन्होंने आॅपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका को और मदद देने का वादा किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत संकट की इस घड़ी में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है। राष्ट्रपति दिसानायके ने मदद भेजने के लिए भारत का शुक्रिया अदा किया।
ये भी पढ़ें: Pakistan PM: शहबाज शरीफ ने आखिर माना, नूर खान एयरबेस व अन्य जगहों पर भारत ने मिसाइलों से हमले किए थे


