Gujarat Accident, (आज समाज), अहमदाबाद: देश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। विभिन्न राज्यों में हर रोज कई जिंदगियां असामयिक काल का ग्रास बन रही हैं। शनिवार सुबह पंजाब के फिरोजपुर में सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। उधर गुजरात के मोरबी में एक कार हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए हैं। यह हादसा शुक्रवार को हुआ।
फैक्ट्री से निकल रहा था डंपर ट्रक
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे गुजरात के मोरबी-हलवद हाईवे पर चराडवा गांव के पास एक फैक्ट्री से निकल रहे डंपर ट्रक से कार की टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार ड्राइवर ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन कार डंपर से टकरा गई। इसके बाद कार डंपर के नीचे फंस गई और उसमें सवार लोग लोहे की चादरों के बीच दब गए।
जिंदगी और मौत से जूझ रहे प्रकाश और दिलीप दहिया
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांव के लोग तुरंत घायलों को पास के अस्पताल ले गए। मृतकों की पहचान परेश दहिया (24), सुरेश सिहोरा (45), भरत दहिया, विराम दहिया (28) और प्रेमजी दहिया के रूप में हुई है। दिलीप दहिया और प्रकाश दहिया अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। सभी पीड़ित रणछोड़गढ़ गांव के रहने वाले थे।
तीन लोगों की मौके पर ही मौत
स्थानीय लोगों ने तुरंत JCB मशीन की मदद ली और कार की बॉडी को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक और घायल रणछोड़गढ़ गांव के थे। घटना की जानकारी मिलते ही हलवद तालुका पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के संबंध में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें : Punjab Accident: फिरोजपुर में पिकअप और ट्राले के बीच टक्कर, 8 लोगों की मौत


