FEMA Regulations Violation, नई दिल्ली: वेदांता ग्रुप की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कंपनी चेयरमैन अनिल अग्रवाल पर पिछले माह एफआईआर दर्ज होने के बाद आज सुबह से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उनके ठिकानों पर छापेमारी कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई है। इसके अनुसार विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) फेमा के नियमों की अवहेलना से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की जा रही है।
इस स्थिति में फेमा के तहत होती है कार्रवाई
फेमा अधिनियम का मैन मकसद भारत में विदेशी मुद्रा के लेनदेन पर नजर रखना होता है। फेमा के अंतर्गत ईडी तब कार्रवाई करता है जब उसे किसी व्यक्ति अथवा कंपनी द्वारा विदेशी मुद्रा के लेनदेन में उल्लंघन का शक हो। इसमें ज्यादातर विदेश में अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करना, गैर-कानूनी तरीके से विदेश में धन हस्तांतरण करना, हवाला का रुपया, या विदेशी निवेश से संबंधित नियमों का पालन न करना जैसे मामले शामिल होते हैं।
अनिल अग्रवाल व अन्य पर एफआईआर दर्ज
पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले में वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर धमाके के मामले में वेदांता रिसोर्सेज लिमिटेड के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, कंपनी के मैनेजर देवेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों के ख़िलाफ़ पिछले महीने एफआईआर दर्ज की गई थी। इस धमाके में 20 मज़दूरों की मौत हो गई थी।
एफआईआर में आठ से दस लोगों के नाम शामिल
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, यह एफआईआर डभरा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना), 289 (मशीनरी के संबंध में लापरवाही भरा आचरण), और 3(5) (साझा इरादा) के तहत दर्ज की गई है। ठाकुर ने कहा, एफआईआर में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित आठ से दस लोगों के नाम शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि अगर जांच के दौरान और लोग भी ज़िम्मेदार पाए जाते हैं, तो उनके नाम भी इसमें जोड़ दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : ED Raids In Jharkhand: झारखंड में कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव के ठिकानों सहित 12 जगह छापे


