- जल्दबाजी में लाइन तोड़कर एक के ऊपर एक चढ़े श्रद्धालु
Bihar Breaking News, (आज समाज), पटना: बिहार के नालंदा जिले से बड़ी खबर आ रही हैं। यहां मची भगदड़ में आठ लोगों की मौत की सूचना और कई के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि आज चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार के चलते मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे और इस दौरान भगदड़ मच गई जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य जख्मी हो गए।
रेस्क्यू आपरेशन जारी
पुलिस और प्रशासन से प्राप्त शुरुआत जानकारी के अनुसार रेस्क्यू आपरेशन जारी है और मृतकों में अधिकतर महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया है कि हादसे में 12 से अधिक लोग जख्मी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि चैत्र माह के आखिरी मंगलवार के चलते मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे और पुलिस-प्रशासन का इंतजाम न के बराबर था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी
सूत्रों के अनुसार कुछ श्रद्धालु दर्शन करने की जल्दबाजी में लाइन तोड़कर एक के ऊपर एक चढ़ने लगे जिसके कारण अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई और भगदड़ मच गई। इसके बाद लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते गए और अब तक 8 लोगों के मरने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव का काम शुरू किया।
पुलिस व प्रशासन पर सवाल
सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद दर्जन से ज्यादा लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से चिकित्सकों 8 को मृत घोषित कर दिया। घायल उपचाराधीन हैं। घटना के बाद पुलिस व प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि पुलिस व प्रशासन की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है। भीड़ के हिसाब इंतजाम नाकाफी थे।
चैत्र में आस्था का उमड़ता है बड़ा सैलाब
चैत्र माह में शीतला मंदिर में आस्था का एक बड़ा सैलाब हमेशा उमड़ता है और पुलिस के पुख्ता इंतजाम न होना सवालों के घेरे में है। बता दें कि आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) भी नालंदा (Nalanda) दौरे पर हैं। वह नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए नालंदा पहुंच गहैं। यह भी बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के कारण पुलिस-प्रशासन का पूरा ध्यान नालंदा विश्वविद्यालय पर था।
ये भी पढ़ें: Bihar Foundation Day: राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने प्रदेशवासियों को दी बधाई


