Bengaluru News: कॉन्फिडेंट-ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने आईटी रेड के दौरान गोली मारकर की आत्महत्या

0
379
Bengaluru News
एक प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर और कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन व फाउंडर सीजे रॉय फाइल फोटो।

Bengaluru Breaking News, (आज समाज), बेंगलुरु: कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन व फाउंडर सीजे रॉय ने आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना बीते शुक्रवार की है। सीजे रॉय 57 साल के थे। आयकर विभाग की टीम जब कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित सीजे रॉय के कार्यालय में छापेमारी कर रही थी उस समय उन्होंने खुद को गोली मारी।

अशोक नगर पुलिस स्टेशन के इलाके की घटना

बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर (Bengaluru Police Commissioner) सीमांत कुमार सिंह (Seemant Kumar Singh) ने मौके का मुआयना करने के बाद पत्रकारों से कहा, आज, अशोक नगर पुलिस स्टेशन के इलाके में गोलीबारी की घटना हुई। उन्होंने कहा, घटना दोपहर 3 बजे से 3.30 बजे के बीच हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार लगता है कि कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

शव एचएसआर लेआउट के नारायणा हॉस्पिटल में रखा 

सीमांत कुमार सिंह ने बताया कि उनका शव एचएसआर लेआउट के नारायणा हॉस्पिटल में है। हुई। उन्होंने कहा, हमारी शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन दिन से तलाशी चल रही थी और आयकर विभाग की टीम उनसे शुक्रवार को भी पूछताछ कर रही थी। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच के बाद ही घटना की असली वजह का पता चले सकेगा।

केरल की आईटी टीम कर रही थी तलाशी

सीमांत कुमार सिंह से जब पूछा गया कि क्या इस मामले को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला माना जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि जांच शिकायत के आधार पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि तलाशी केरल की आईटी टीम कर रही थी और पुलिस ने अभी तक उनसे बात नहीं की है। एक प्रमुख रियल एस्टेट डेवलपर, कॉन्फिडेंट ग्रुप की दक्षिण भारत के कई राज्यों (खासकर केरल और कर्नाटक में) में महत्वपूर्ण उपस्थिति है। सूत्रों के अनुसार, केरल के कोच्चि के रहने वाले और अपनी महंगी गाड़ियों के कलेक्शन के लिए जाने-जाने वाले रॉय बार-बार होने वाले आईटी के छापों से परेशान थे।

आय के स्रोतों से ज्यादा संपत्ति

आयकर विभाग ने इससे पहले गुरुवार सुबह सीजे रॉय से जुड़ी कंपनियों पर छापेमारी की थी, जिस दौरान, कथित तौर पर यह पता चला था कि उनके पास आय के स्रोतों से ज्यादा संपत्ति थी। पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा,  हम अधिकारियों से बात करेंगे। रॉय के भाई ने बताया कि केरल से इनकम टैक्स टीम पहली बार पिछले साल 3 दिसंबर को आई थी और कुछ दिनों तक बेंगलुरु में रुकी थी। उन्होंने बताया कि इसके बाद वे 28 जनवरी को फिर से आए, जब उन्हें दुबई से वापस बुलाया गया था।

कंपनी ने अपने फेसबुक पेज पर दी श्रद्धांजलि

कंपनी ने अपने फेसबुक पेज पर एक मैसेज पोस्ट करके अपने चेयरमैन को श्रद्धांजलि दी, और उन्हें अपना प्यारा नेता बताया। इसमें कहा गया है, हमारे प्यारे नेता हमें छोड़कर चले गए हैं, लेकिन उस रास्ते से नहीं जो उन्होंने हमें दिखाया था। जिन मूल्यों पर वे चले और जो विज़न उन्होंने हमें सौंपा, वह हमारी आगे की यात्रा में हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा, इसमें यह भी कहा गया कि पूरा कॉन्फिडेंट ग्रुप परिवार अपने चेयरमैन के अचानक और अपूरणीय नुकसान पर शोक मना रहा है।

ये भी पढ़ें : Bengaluru Crime News : बेंगलुरु हवाई अड्डे पर पकड़ा अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी गिरोह

  • TAGS
  • [post_tags]