सुब्रमण्यम स्वामी बोले-धोनी 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ें 

0
176

 

नई दिल्ली ।

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शनिवार शाम रिटायरमेंट का ऐलान किए जाने के बाद बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने प्रतिक्रिया दी है। स्वामी ने मांग की है कि महेंद्र सिंह धोनी को साल 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।

अपनी लाजवाब कप्तानी और फिनिशिंग के हुनर से महानतम क्रिकेटरों में शुमार दो बार के विश्व कप विजेता भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहकर पिछले एक साल से उनके भविष्य को लेकर लग रही अटकलों पर विराम लगा दिया था। हालांकि, वह इंडियन प्रीमियर लीग में खेलेंगे जो 19 सितंबर से यूएई में आयोजित की जा रही है।

बीजेपी सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने धोनी के रिटायरमेंट पर ट्वीट किया, ‘महेंद्र सिंह धोनी क्रिकेट से रिटायर हो रहे हैं, लेकिन बाकी किसी से नहीं। उनकी बाधाओं से लड़ने और क्रिकेट में टीम का नेतृत्व करने की जो क्षमता रही है, उसकी जरूरत सार्वजनिक जीवन में है। उन्हें 2024 में होने वाला लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।’

वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महेंद्र सिंह धोनी के लिए खास फेयरवेल चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने बीसीसीआई से अपील की थी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए लिखा कि देश और झारखंड को गर्व और उत्साह के अनेक क्षण देने वाले माही ने आज अंतराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। हम सबके चहेते झारखंड के लाल माही को नीली जर्सी पहने नहीं देख पायेंगे। पर देशवासियों का दिल अभी भरा नहीं। मैं मानता हूं हमारे माही का एक फ़ेयरवेल मैच रांची में हो जिसका गवाह पूरा विश्व बनेगा। मैं बीसीसीआई से अपील करना चाहूंगा कि माही का एक फेयरवेल मैच कराया जाए जिसकी मेजबानी पूरा झारखंड करेगा।

SHARE