करनाल : 5 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे आक्सी वन पार्क से शहर बनेगा स्वस्थ: डी.सी.

0
228
A unique gift for the people of Karnal
A unique gift for the people of Karnal

प्रवीण वालिया, करनाल :

आक्सी वन पार्क मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से करनाल वासियों के लिए एक अनूठा उपहार है। विभिन्न प्रकार के पौधों तथा जड़ी बूटियों के साथ हमारे पुराने संबंधों को जोड़ने में लाभदायक सिद्ध होगा। पुरानी बादशाही नहर संरक्षित वन क्षेत्र करनाल को आक्सी वन एक शानदार जगह के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस तरह का यह उद्यान करनाल शहर को स्मार्ट, स्वच्छ, हरित सतत और स्वस्थ करनाल शहर बनाने में मददगार साबित होगा। यह आक्सी वन करनाल मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से करनाल वासियों के लिए एक अनूठा उपहार है। इस परियोजना की कुल लागत 5 करोड़ रुपए है और यह परियोजना नगर निगम करनाल, वन विभाग, हरियाणा एवं भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का संयुक्त उद्यम है। उपायुक्त निशांत कुमार यादव का कहना है कि शहरी क्षेत्रों में वाहनों और औद्योगिक प्रदूषण के परिणामस्वरूप हीट आइलैंड इफैक्ट उत्पन्न होता है और इससे वायु की गुणवत्ता खराब होती है।

शहरों और कस्बों में गर्मी के प्रभाव को कम करने और हवा की गुणवत्ता में सुधार के लिए धरती माता के हरे फेफड़ों (वृक्षों) की बहुत अधिक आवश्यकता है। इसी दृष्टि से वन विभाग हरियाणा द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल की प्रेरणा से करनाल शहर में पुरानी बादशाही नहर (जो मुगल नहर के नाम से भी जानी जाती है) पर आक्सी वन बनाने जा रहा है जिसका कुल क्षेत्रफल 80 एकड़ और लम्बाई 2.4 किलोमीटर होगी। उन्होंने बताया कि 5 जून, 2021 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल व पंचकूला में बनने दो आक्सी वन पार्क की आधारशिला रखी थी। इसके साथ ही उन्होंने प्राणवायु देवता पैंशन स्कीम व कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत्त जिलों में स्थित सभी 134 कुरूक्षेत्र तीर्थों में पंचवटी वन के निर्माण की शुरूआत करनाल की पावन धरा से की थी। उपायुक्त ने बताया कि आक्सी वन पार्क में एक सूचना केन्द्र और एक स्मारिका दुकान भी होगी जहां पार्क से संबंधित जानकारी व इसके सभी घटकों की जानकारी उपलब्ध होगी। यहां एक एम्फीथियटर का भी निर्माण किया जाएगा जहां कलाकार जनता के मनोरंजन के लिए अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे।

SHARE