करनाल : निगमायुक्त डा. मनोज कुमार ने सफाई कर्मियों को किटें वितरित की  

0
358

प्रवीण वालिया, करनाल :        
कोरोना काल में साफ-सफाई से नागरिकों को स्वच्छ वातावरण देने वाले फ्रंट लाईन सफाई कर्मचारियों को नगर निगम की ओर से तेल, साबुन व बरसाती जैसी जरूरी चीजों की किट प्रदान की गई। निगम आयुक्त डा. मनोज कुमार ने निगम कार्यालय में सफाई कर्मियों को किटें वितरित कीं। बता दें कि प्रत्येक किट में उपरोक्त वस्तुएं तीन महीनो की जरूरत के हिसाब से दी गई हैं। गौर हो कि पहले भी समय-समय पर जरूरी वस्तुओं की किटें सफाई कर्मियों को नगर निगम की ओर से बांटी गई हैं।  इस मौके पर नगर निगम के उप निगमायुक्त धीरज कुमार व अरूण कुमार, सफाई निरीक्षक संदीप कुमार, सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार के अतिरिक्त नगर पालिका संघ हरियाणा के ईकाई प्रधान राम सिंह ढिलौड़, जिला प्रधान वीरभान बिड़लान, राज्य सचिव शारदा देवी और ईकाई सचिव इन्द्रजीत चलानिया भी उपस्थित थे। सफाई कर्मचारी महेन्द्र, रमेश कुमार, कमलेश, मनीष व रमेश इत्यादि ने निगमायुक्त से किट प्राप्त की।

किट को लेकर सभी प्रसन्नचित हो रहे थे। शेष को नगर निगम स्थित सफाई कर्मचारी संघ कार्यालय या फिर सम्बंधित बीट में जाकर तैयार की गई किटें वितरित कर दी जाएंगी।  निगमायुक्त ने बताया कि निगम के सफाई कतार्ओं पर सारे शहर को साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी है। कोरोना के विषम काल में भी वे वॉरियर्स की भांति अपनी ड्यूटी पर डटे हैं, ऐसे में उनकी हिफाजत भी जरूरी है। इसी सोच को लेकर नगर निगम के 1094 कर्मचारियों को उपरोक्त किट वितरित की जा रही हैं। सभी कर्मचारियों को प्रत्येक किट में नहाने की साबुन, सरसों का तेल और रेन कोर्ट दिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त सेनेटाईजर, हाथों में पहनने के दस्ताने और मास्क इत्यादि वस्तुएं पहले वितरित की जा चुकी हैं। निगमायुक्त ने सफाई कर्मचारियों से कहा है कि काम के दौरान हाथों में दस्ताने, मुहं पर मास्क अवश्य लगाएं रखें तथा काम के बाद अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह से धोएं। उन्होंने कहा कि सेनेटाईजर का भी प्रयोग करें, ताकि वे सुरक्षित बने रहें और बारिश के समय बरसाती भी अवश्य पहनें।

SHARE