करनाल: 6 करोड़ रुपये की ईनाम राशि देने वाला विश्व का पहला राज्य हरियाणा : सीएम 

0
266
प्रवीण वालिया, करनाल:
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा पहला राज्य है जहां खिलाड़ी को गोल्ड मेडल जीतने पर 6 करोड़ रुपये दिए जाते हैं जोकि पूरे विश्व में सर्वाधिक है। प्रदेश का खिलाड़ी विश्व में अपनी पहचान बनाए इसके लिए हरियाणा सरकार ने स्टेडियमों के प्रबंधन के लिए संरचनात्मक ढांचा तैयार किया है। देश में हरियाणा खेलों के हब के रूप में जाना जाता है। देश के कुल मेडलों में से 60 प्रतिशत मेडल हरियाणा के खिलाडिय़ों के होते हैं। देश की खेल तालिका में हरियाणा का अच्छा स्थान है। अब खेलो इंडिया की तैयारी के लिए प्रदेश में खिलाडिय़ों की पनीरी तैयार की जा रही है जोकि आने वाले खेलों में देश की मेडल तालिका में हरियाणा का गौरव बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार देर सायं कर्ण स्टेडियम में खेलो हरियाणा प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाडिय़ों को आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे।
उन्होंने स्टेडियम में बैठकर बॉक्सिंग व फुटबॉल का मैच देखा और बॉक्सिंग के खिलाडिय़ों को पुरस्कृत भी किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया में हरियाणा को मेजबानी करने का मौका मिल रहा है, यदि सबकुछ ठीक रहा तो फरवरी 2022 में खेलो इंडिया प्रतियोगिताएं पंचकूला में करवाई जाएंगी। इस प्रतियोगिता की तैयारी के लिए प्रदेश के 6 जिलों में करीब 10 हजार खिलाडिय़ों के लिए खेलो हरियाणा आयोजन किया जा रहा है। इन खेलों से खेलो इंडिया के लिए 18 वर्ष की आयु वर्ग के खिलाड़ी (लड़के व लड़कियों) को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए स्टेडियमों में हर सुविधा प्रदान की जा रही है। जिस क्षेत्र में स्टेडियम की मांग की जाती है, उस क्षेत्र की मैपिंग करवाकर जरूरत के अनुसार खेल स्टेडियम बनाए जा रहे हैं और वहां की रूचि अनुसार खेल को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर स्टेडियम सुविधाजनक हो इसके लिए कोच की व्यवस्था की जा रही है।
सीएम ने कहा कि बहुत चिंता का विषय है कि अन्य देशों की अपेक्षा ओलम्पिक खेलों में हमारा देश 48वें स्थान है, पंरतु विश्व देश शीर्ष पर कैसे बढ़े इसके लिए हरियाणा सरकार खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी ही एक ऐसा व्यक्ति है जो अपने परिवार, गांव, राज्य व देश के सम्मान के लिए खेलता है। खिलाडिय़ों को और बढ़ावा मिले, मुख्यमंत्री द्वारा ओलम्पिक में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों के गांव में जाकर उन्हें सम्मानित किया जा रहा है। मेडल प्राप्त खिलाड़ी के गांव में जिस प्रकार के विकास की जरूरत है उसको पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वह पिछले दिनों रवि दहिया के गांव नाहरी में गए थे, वहां पर इन्डोर बॉक्सिंग का स्टेडियम मंजूर किया गया है। वहीं सुमित के गांव कुराड़ में जाकर विकास कार्यों की घोषणा की। अब वह 5 सितम्बर को बजरंग पुनिया के गांव खुंडन में जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह खिलाडिय़ों  के गांव-गांव जाएंगे, जहां जो जरूरत होगी उसे पूरा करेंगे, चाहे उन्हें 100 गांवों में ही क्यों न जाना पड़े।
क्या कहा खेल मंत्री ने 
इस मौके पर खेल मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि खेलो हरियाणा प्रतियोगिता 6 जिलों में आयोजित की जा रही है। ओलम्पिक या अन्य खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों का प्रदर्शन बेहतर हो इसके लिए खेलो हरियाणा प्रतियोगिता आयोजित की गई। हरियाणा पहला राज्य है जहां खिलाड़ी को ओलम्पिक की तैयारी के लिए 5 लाख रुपये एडवांस दिया गया। उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में देश के 7 मेडलों में से 4 मेडल हरियाणा के खिलाडिय़ों ने प्राप्त किए और हॉकी में भी कांस्य पदक प्राप्त किया। इस टीम में भी अधिकतर खिलाड़ी हरियाणा के थे। उन्होने कहा कि प्रदेश में खिलाडिय़ों को कोई असुविधा न हो इसके लिए सीएम ने विशेष सुविधाएं दी हैं। इस अवसर पर खेल निदेशक पंकज नैन ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि हरियाणा ऐसा राज्य है जहां के युवा खेलों में बढ़चढ़ कर रूचि लेते हैं। हरियाणा सरकार भी खिलाडिय़ों के लिए विशेष सुविधाएं दे रही है।
खेलो हरियाणा प्रतियोगिता करवाकर 10 हजार 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाडिय़ों को तैयार किया गया है। इन खिलाडिय़ों में से अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे और खेलों के मामलों में हरियाणा का भविष्य उज्ज्वल होगा। इस अवसर पर उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने तीन दिवसीय खेलों के बारे में जानकारी दी और कहा कि यहां पर करीब 1300 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। इन खिलाडिय़ों के रहने, ठहरने और खाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। यहां खिलाड़ी अनेक अनुभव लेकर जाएगा और खिलाडिय़ों ने भी अनुशासन का परिचय दिया। इस मौके पर घरौंडा के विधायक, नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर, एडवोकेट वेदपाल, नगरनिगम के सीनियर डिप्टी मेयर राजेश अग्गी, भाजपा के जिलाध्यक्ष योगेन्द्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, महामंत्री राजबीर शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि संजय बठला, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया, उप निदेशक खेल सत्यदेव मलिक, खेलों के नोडल एसडीएम इंद्री सुमित सिहाग, अमरनाथ सौदा सहित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
करनाल के खेल स्टेडियम में सीढ़ी बनाने के लिए सीएम ने की 50 लाख रुपये देने की घोषणा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि करनाल के खेल स्टेडियम को नेशनल स्तर का बनाने की प्रक्रिया चल रही है। गप्पू वाला बाग के नजदीक हॉकी एस्ट्रोट्रफ ग्राऊंड 10 सितम्बर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इससे पहले स्टेडियम में 6 बैडमिंटन कोर्ट व एक बॉक्सिंग हाल बनाने की घोषणा की गई थी। मुख्यमंत्री ने  कर्ण स्टेडियम में बैठने की सीढ़ी बनाने के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
करनाल व झज्जर में की जाएगी शूटिंग रेंज की व्यवस्था, हर जिले में बनाया जाएगा एथलैटिक कोर्ट – सीएम मनोहर लाल
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एथलैटिक को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में एथलैटिक कोर्ट बनाया जाएगा। वहीं शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए करनाल व झज्जर में शूटिंग रेंज की व्यवस्था की जाएगी।
हरियाणा में खिलाडिय़ों  के लिए बढ़ाया भत्ता
सीएम ने कहा कि खिलाडिय़ों की सुविधा के लिए हरियाणा में खुराक भत्ता 250 रुपये से 400 रुपये किया और प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन का खर्च 400 रुपये से बढ़ाकर 1000 हजार रुपये किया जिससे खिलाड़ी ट्रैक सूट या अन्य सामान खरीद सकता है।
लड़कों के वर्ग में भिवानी के ऋषभ व लड़कियों के वर्ग में फतेहाबाद की तन्नू रहे ऑल ओवर चैंपियन
मुख्यमंत्री ने बॉक्सिंग में खिलाडिय़ों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया, इनमें लड़कों के वर्ग में लक्ष्य पानीपत, कर्ण फरीदाबाद, चमन रोहतक तथा भिवानी के ऋषभ ऑल ओवर चैंपियन, लड़कियों के वर्ग में तमन्ना करनाल, मुस्कान जींद, हिमांशी रोहतक तथा फतेहाबाद की तन्नू ऑल ओवर चैंपियन रही।
SHARE