करनाल: सीएम सिटी में जल्द मिलेगी फुट ओवर ब्रिज की सौगात : डॉ. मनोज

0
239
F.O.B.Bank Colony Side
F.O.B.Bank Colony Side

प्रवीण वालिया, करनाल:

शहर के लोगों को फुट ओवर ब्रिज की सौगात जल्द मिलने वाली है। इसी महीने इसका काम मुकम्मल होने की प्रबल उम्मीद है क्योंकि इसका80 से 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। नगर निगम आयुक्त डॉ. मनोज कुमार इसी महीने की डेडलाईन को लेकर इंजीनियरों से लगातार इसकी प्रोग्रेस ले रहे हैं। एफ.ओ.बी. का निर्माण फुट ओवर ब्रिज की मांग राम नगर एरिया के लोगों की वर्षों पुरानी मांग रही है, जो आजाद भारत के बाद से शुरू हुई थी और धीरे-धीरे जनता की मांग बन गई। जैसे ही यह प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष आई, उन्होंने सहर्ष इसकी घोषणा कर डाली और फिर हरियाणा व रेलवे के इंजीनियरों ने मिलकर इस पर काम शुरू कर दिया। साईट विजिट, फिजिबिलिटी, डी.पी.आर., अप्रूवल और फिर एस्टीमेट जैसी लम्बी प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद फुट ओवर ब्रिज का काम शुरू हुआ और अब यह मुकम्मल होने को है। नगर निगम आयुक्त डॉ. मनोज कुमार ने गत दिवस एफ.ओ.बी. साईट का दौरा करने के बाद बताया कि इसकी लम्बाई करीब 400 मीटर और चौड़ाई 3 मीटर है।

इसके ऊपर मास्टिक एस्फाल्ट की सडक बनाई जाएगी, जहां से दोपहिया वाहन इधर से उधर जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि एफ.ओ.बी. का बैंक कॉलोनी साईड का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि राम नगर साईड से दो स्लैब डालने का काम चल रहा है। सुरक्षा प्रदान करने के लिए पुल पर सडक के दोनों ओर मजबूत ग्रिल लगा दी गई हैं, जिन्हें पेंट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ-साथ एक पैदल पथ पुल का निर्माण भी किया गया है, जो स्टेशन के दोनो ओर यानि बैंक कॉलोनी व राम नगर साईड की सडकों से जोड़ा जाएगा। इन सुविधाओं से राम नगर क्षेत्र से रेलवे रोड यानि मुख्य शहर में आने वाले लोगों को बड़ी सुविधा उपलब्ध होगी और उनकी समय की भी बचत रहेगी। वर्तमान में लाईन पार एरिया के लोगों को रेलवे रोड पर आने के लिए काछवा पुल से होकर कुछ दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे निजात मिलेगी। फुट ओवर ब्रिज के पूरा होने पर इस क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर हैं और वे मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त कर रहे हैं। सम्भवत: आने वाले दिनो में मुख्यमंत्री के द्वारा ही एफ.ओ.बी., जनता को समर्पित किया जा सकता है।

SHARE