कार्यकर्ताओं के बल पर अधिक मजबूती से उभरी इनेलो : चौटाला

0
282

आज समाज डिजिटल, सिरसा:

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार स्वयं अपने बोझ से ही गिर जाएगी। वे बुधवार को अनाजमंडी में आयोजित कार्यकर्ता मिलन सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में कांग्रेस ने एक योजनाबद्ध तरीके से एक षड्यंत्र के तहत उन्हें 3206 युवाओं को नौकरी देने के मामले में जेल भेजा। अदालत के आदेश पर उन्होंने जेल की सजा पूरी की, मगर उस दौर में कांग्रेस व अन्य राजनीतिक दलों ने यह समझा कि इनेलो अब पूरी तरह से खत्म हो जाएगी, मगर इनेलो अपने कार्यकर्ताओं के बल पर पहले से भी अधिक मजबूती से उभरी है। उन्होंने तमाम कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी संगठन को पहले से भी अधिक मजबूत बनाने के लिए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता किसी कारण से पार्टी छोड़कर चले गए हैं, उन्हें मनाकर वापस इनेलो में लाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में सरकार इनेलो की बनेगी, क्योंकि यही जनता की आवाज है और जनता की आवाज परमात्मा की आवाज होती है।

SHARE