India Weather: जम्मू-कश्मीर से मेघालय और मणिपुर तक छाया रहा घना कोहरा

0
73
India Weather
जम्मू-कश्मीर से मेघालय और मणिपुर तक छाया रहा घना कोहरा

Aaj Samaj (आज समाज), India Weather, नई दिल्ली: उत्तर भारत ही नहीं, देश के आधे से ज्यादा राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में भीषण ठंड इन दिनों आफत बनी हुई है। साथ ही कोहरा भी लगातार कहर बना हुआ है, जिसके कारण देशभर में ट्रेन, सड़क व हवाई यातायात लगातार बाधित हो रहा है। अकेले दिल्ली में 80 ट्रेनों का आगमन-प्रस्थान प्रभावित हुआ है। ये ट्रेनें एक से 6 घंटे की देरी से चलीं। वहीं, 50 से अधिक उड़ानें भी प्रभावित हुईं। इन उड़ानों के आगमन-प्रस्थान के निर्धारित समय में 15 से 30 मिनट तक की देरी हुई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जम्मू जाना था, पर खराब मौसम के कारण उनका दौरा भी रद हो गया।

  • फ्लाइट्स व रेल ट्रैफिक बाधित
  • अमित शाह का जम्मू दौरा रद

दिल्ली में सोमवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सोमवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। बीते कल न्यूनतम तापमान गिरकर 5.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख से लेकर पश्चिम बंगाल, सिक्किम, मेघालय और मणिपुर सहित 20 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में आज सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा रहा। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह कोहरा और ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सामान्य से दो डिग्री कम रहा। यह इस जनवरी में सुबह का सबसे कम तापमान है। सोमवार को सुबह से ही राजधानी में कोहरा छाया रहा। दिनभर बादल छाए। धूप न निकले के कारण दिनभर ठिठुरन सी बनी रही। वहीं शाम होते ही ठंडक बढ़ गई।

बारिश के बाद साफ हो सकता है मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद मौसम साफ हो सकता है। दिल्ली का न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ सकता है। दिल्ली में 14 जनवरी तक सुबह के समय हल्के से मध्य स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, अधिकतम तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक और न्यूनतम 11 जनवरी तक बढ़कर आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। उसके बाद न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट होने का अनुमान है। संभावना है कि 14 जनवरी तक इसमें दो डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

यह भी पढ़ें: 

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE