IMD Weather Update: हिमाचल-उत्तराखंड में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, पंजाब, हरियाणा व पूर्वी यूपी में भी तेज वर्षा की संभावना

0
186
IMD Weather Update
भारी बारिश के बाद कुल्लू में बाढ़ के कारण बह गई क्षतिग्रस्त सड़क का सोमवार को निरीक्षण करते पुलिसकर्मी।

Aaj Samaj (आज समाज), IMD Weather Update, नई दिल्ली: उत्तर भारत में बारिश व बाढ़ से दुश्वारियां अभी बनी रहने की लगातार संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तीन दिन तक भारी वर्षा का अलर्ट है, वहीं हरियाणा-पंजाब और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में मध्यम स्तर की बारिश के आसार हैं।

दिल्ली

मौसम विभाग के अनुसार देश की राजधानी दिल्ली में आज मध्यम स्तर की बारिश होने और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। इसको लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली मेें दिनभर बादल छाए रहेंगे।

हरियाणा-पंजाब

आईएमडी ने हरियाणा के 17 जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि पहले ही अंबाला, यमुनागर, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल, पानीपत, सोनीपत, पलवल व फरीदाबाद सहित 13 जिले बाढ़ से ग्रस्त हैं। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन घंटों में राज्य के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। हवाएं भी चलेंगी। कुछ जगह तेज बारिश की भी संभावना है। घग्गर दरिया के चांदपुरा बांध में शनिवार सुबह पड़ी दरार 100 फीट से बढ़कर 250 फीट से अधिक हो गई है और इससे पंजाब में मानसा जिले के बुढलाडा व सरदूलगढ़ क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बरकरार है।

उत्तराखंड

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में अगले पांच दिन हल्की बारिश जारी रहने का अनुमान। वहीं आज राजधानी देहरादून, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और पौड़ी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू व मंडी जिले में पिछले हफ्ते आई बाढ़ के बाद ब्यास नदी का पानी उतरने लगा है और इसके बाद तबाही का और खौफनाक मंजर सामने आने लगा है। मनाली के आलू ग्राउंड से बहे वाहन क्लाथ क्षेत्र में कई जगह दिख रहे हैं। वाहन आलू ग्राउंड से लगभग दो किलोमीटर दूर ब्यास नदी क्षेत्र में जा पहुंचे हैं। कुल्लू में काइस व न्योली में कल बादल फटने से दो मकान, तीन दुकानें व 16 वाहन बह गए। एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। अभी तक प्रदेश में 4635.58 करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। 24 जून के बाद 122 लोगों की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश – मथुरा-वृंदावन

दिल्ली के बाद यमुना नदी का उफान मथुरा-वृंदावन में लगातार जारी है। वृंदावन में परिक्रमा मार्ग में पानी भरने के कारण नाव चल रही है। वृंदावन और मथुरा से जाने वाले रास्तों में पानी भरने के कारण आवागमन बंद कर दिया गया है। मथुरा में 150 से ज्यादा कालोनियां और 29 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बांकेबिहारी मंदिर की गलियों में पानी पहुंच गया है। आगरा में कैलाश मंदिर के गर्भगृह में पानी भर गया। पानी भरने के कारण श्मशान घाट में अंतिम संस्कार बंद हो गए हैं। वहीं राहत की बात यह है कि मेरठ में यमुना और गंगा समेत कई सहायक नदियों का जलस्तर घटने लगा है। बागपत में यमुना खतरे के निशान से आधा मीटर ऊपर है।

यह भी पढ़ें :   

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE