Hurun Global Rich List 2024: अरबपतियों के मामले में न्यूयॉर्क के बाद मुंबई तीसरे स्थान पर

0
77
Hurun Global Rich List 2024

Aaj Samaj (आज समाज), Hurun Global Rich List 2024, नई दिल्ली: अरबपतियों के मामले में भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई वैश्विक स्तर पर अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। हुरुन रिसर्च की 2024 ग्लोबल रिच लिस्ट में यह जानकारी सामने आई है। इसके अनुसार यह पहली बार है जब चीन की राजनीतिक और सांस्कृतिक राजधानी बीजिंग को पीछे छोड़कर मुंबई एशिया की अरबपतियों की राजधानी बन गई है।

बीजिंग में 91, मुंबई में 92 अरबपति

बीजिंग में 91 अरबपति रहते हैं, जबकि मुंबई में अरबपतियों की संख्या 92 अरबपति पहुंच गई है। सूची में न्यूयॉर्क पहले स्थान पर है, जहां सबसे अधिक 119 अरबपति रहते हैं। दूसरे नंबर पर लंदन है जहां 97 अरबपति हैं। हालांकि पूरे चीन की बात करें तो भारत के 271 की तुलना में यहां 814 अरबपति हैं।

26 नए अरबपतियों के कारण बीजिंग से आगे निकला मुंबई

26 नए अरबपतियों के कारण मुंबई बीजिंग से आगे निकल गई है। वहीं बीजिंग में 18 अरबपतियों की कमी आई है। मुंबई की कुल अरबपतियों की संपत्ति 445 अरब डॉलर है, जो पिछले साल से 47 फीसदी ज्यादा है। वहीं बीजिंग की कुल अरबपतियों की संपत्ति 265 अरब डॉलर है, जो 28 फीसदी कम हुई है।

मुकेश अंबानी संपत्ति में बढ़ोतरी के साथ 10वें स्थान पर

मुंबई के वेल्थ सेक्टर्स में एनर्जी और फार्मास्यूटिकल्स शामिल हैं, जिसमें मुकेश अंबानी जैसे अरबपति का नाम शामिल है। रियल एस्टेट के खिलाड़ी मंगल प्रभात लोढ़ा (और परिवार) को सबसे ज्यादा वेल्थ मिली है। ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी संपत्ति में बढ़ोतरी के साथ 10वें स्थान पर रहे, जिसका श्रेय मुख्य रूप से रिलायंस इंडस्ट्रीज को जाता है।

गौतम अडाणी वैश्विक रैंकिंग पर आठ पायदान ऊपर

सूची के अनुसार गौतम अडाणी की संपत्ति में बढ़ोतरी के बाद वह वैश्विक रैंकिंग पर आठ पायदान ऊपर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एचसीएल के शिव नादर और उनके परिवार की संपत्ति और वैश्विक रैंकिंग दोनों बेहतर हुई है। वह 16 स्थान ऊपर 34 नंबर पर पहुंच गए हैं।

कुछ भारतीय अरबपतियों की रैंकिंग में हल्की गिरावट

ग्लोबल रिच लिस्ट में कुछ भारतीय अरबपतियों की वैश्विक रैंकिंग में हल्की गिरावट देखी गई है। सीरम इंस्टीट्यूट के साइरस एस पूनावाला की कुल संपत्ति 82 अरब डॉलर के साथ मामूली गिरावट (नौ पायदान गिरकर 55वें स्थान) पर रही। भारत के अरबपति ग्रुप में सन फार्मास्यूटिकल्स के दिलीप सांघवी (61वें स्थान) और कुमार मंगलम बिड़ला (100वें) का भी योगदान है। वहीं, राधाकिशन दमानी आठ स्थान ऊपर चढ़कर 100वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us:Twitter Facebook

SHARE