गुरदासपुर: सेवा केंद्र धारीवाल के खराब कार्यप्रणाली से आम जनता परेशान

0
289
poor management of employees
poor management of employees

गगन बावा, गुरदासपुर:

वैसे तो पंजाब सरकार ने लोगों को एक ही छत के नीचे कई सुविधाएं देने के लिए सेवा केंद्र शुरू किए हैं, लेकिन एक छत के नीचे सेवाएं मिलने के बजाय लोगों को शर्मिंदगी और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेवा केंद्र पुराना धारीवाल काम के सिलसिले में पहुंचे गुरमनजोत सिंह नागी, राजू महाजन, विशाल, रमन कुमारी, हरजीत सिंह विक्की, प्रिंस, हैप्पी आदि ने कहा कि वे पिछले दो-तीन दिनों से अपने प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेजों के लिए गर्मी में चक्कर काट रहे हैं। कर्मचारियों के खराब प्रबंधन के कारण किसी का काम समय पर नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा केंद्र में न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही जनता के बैठने की कोई विशेष व्यवस्था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपने परिचितों और प्रियजनों का काम कर्मचारियों द्वारा बिना किसी कतार के किया जाता है, जबकि आम लोग अपनी बारी का इंतजार कर खाली हाथ लौट जाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बिजली की किल्लत को देखते हुए सरकारी दफ्तरों का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक कर दिया गया है। सेवा केंद्र में काम के लिए आने वाले आम लोगों को अगले दिन फिर से लाइन में प्रतीक्षा करनी पड़ती है। उधर, सेवा केंद्र के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने सवालों के जवाब देने से मना करते इतना ही कहा कि हमारे आला अधिकारी ही लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। लोगों ने डीसी गुरदासपुर से सेवा केंद्र में उचित व्यवस्था करने और कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है। यहां यह भी बताना जरूरी है कि उक्त सेवा केंद्र के कर्मचारी रोज एक ही जवाब देते हैं कि आज सर्वर डाउन है, कंप्यूटर खराब है या बिजली नहीं है।

SHARE