यमुनानगर : घनश्यामदास अरोड़ा ने मानसून सत्र में किसानों से जुड़े मुद्दों पर सरकार का किया समर्थन

0
354

प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार 20 अगस्त को शुरू हो गया है। भाजपा के यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पारित तीनों कृषि कानूनों का समर्थन किया। विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि इसके तहत वैकल्पिक व्यवस्था की गई है, किसानों को एक प्लेटफार्म की जगह दो प्लेटफार्म उपलब्ध कराए गए हैं कि अगर उसे एमएसपी पर अपनी फसल बेचनी है तो वह मंडी में बेचे और अगर उसे एमएसपी से ऊपर फसल बेचनी है तो वह मंडी से बाहर बेचकर उसका लाभ ले सकता है। भाजपा विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि मंडियां थी, मंडियां है ओर आगे भी रहेगी इसी प्रकार एमएसपी था एमएसपी है व आगे भी एमएसपी रहेगा। भाजपा सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की दुगनी आय करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को 6000 वार्षिक किसान सम्मान भत्ता प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की भावांतर भरपाई योजना से किसानों को अत्यधिक लाभ पहुंच रहा है। हरियाणा में बाजरे की खरीद भाजपा सरकार द्वारा की जा रही है। गन्ने का देश में सर्वाधिक मूल्य हरियाणा की मनोहर सरकार द्वारा प्रदान किया जा रहा है। भाजपा विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि पापुलर व सफेदी की लकड़ी का मूल्य बढ़ाने के लिए भाजपा सरकार ने प्लाई बोर्ड फैक्ट्रियों को लाइसेंस जारी किए हैं। जिससे किसानों की आमदनी बढ़ रही है और पॉपुलर लकड़ी का रेट बढ़ गया है। किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी हो रही है। भाजपा विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि गांवों में ज्यादातर किसान वर्ग रहता है और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जगमग योजना के तहत हरियाणा के अधिकतर गांवों को 24 घंटे बिजली प्रदान करने का सराहनीय निर्णय लिया है। जिससे किसान वर्ग के साथ साथ अन्य लोगों को भी लाभ हो रहा है। भाजपा की मनोहर सरकार ने किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए बिजली की सप्लाई के समय में बढ़ोतरी करके किसानों को राहत पहुंचाने का कार्य किया है। इसके लिए वह भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का धन्यवाद करते हैं।

SHARE