Friday Weather Evening Update: 50 डिग्री तक तापमान सहने वाला राजस्थान भी कांपा, उत्तर भारत में अब भी ठंड का अलर्ट

0
403
Friday Weather Evening Update
पंजाब के जालंधर में आज सुबह कड़ाके की ठंड व घने कोहरे के बीच रेलवे ट्रैक पार करते लोग।

आज समाज डिजिटल, नई दिल्ली, (Friday Weather Evening Update): देश के अधिकतर राज्यों में कंपकपाती ठंड और कोहरे का सितम लगातार जारी है। उत्तर भारत में हालात इस कदर हो गए हैं कि पहाड़ों के बजाय मैदानी इलाकों में ज्यादा सर्दी पड़ रही है और भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार अभी ऐसे मौसम से राहत मिलने वाली नहीं है। विभाग ने दिल्ली में शीत लहर का रेड अलर्ट जारी किया है। 10 जनवरी तक दिल्ली में कोहरा छाया रहेगा। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन के कई इलाकों में कुछ दिन में बर्फ पड़ने की आशंका है। बता दें कि 2022 का दिसंबर महीना 122 साल में सबसे कम सर्दी वाला रहा।

शिमला-नैनीताल से ठंडा दिल्ली

आईएमडी ने बताया कि देश की राजधानी दिल्ली में शिमला और नैनीताल से ज्यादा ठंड दर्ज की गई है। इतना ही नहीं राजस्थान में गर्मियों में जहां तापमान 50 डिग्री तक पहुंच जाता है, वह भी इन दिनों कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहा है। राजस्थान में भी कोहरे और शीतलहर से आलम यह है कि राज्य में रात और दिन एक जैसे सर्द हो रहे हैं। माउंट आबू में गुरुवार को तापमान माइनस 6 डिग्री तक पहुंच गया था। इससे पहले 14 जनवरी 2022 को यहां तापमान माइनस 5 डिग्री दर्ज किया गया था।

दिल्ली में शनिवार तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे रहेगा

दिल्ली में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आईएमडी वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जैनामनी ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के मुकाबले तीन से बढ़कर 4 डिग्री सेल्सियस हो गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है, लेकिन कई जगह यह नीचे आ गया है। राजधानी में शनिवार तक न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। दिल्ली के आयानगर में सबसे कम तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसी के साथ घने कोहरे के चलते दिल्ली में सुबह के टाइम यहां विजिविलिटी 200 मीटर दर्ज की गई।

शनिवार को भी शीत लहर, ठंड की स्थिति और पहाड़ों में बर्फबारी

विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार को भी शीत लहर और ठंडे दिन की स्थिति जारी रहने के साथ पहाड़ों में बर्फबारी होने का अनुमान है। इसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है। बर्फबारी से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान और गिर सकता है और ठंड भी बढ़ेगी। शनिवार के बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में कुछ सुधार होने की संभावना है। इसके बाद 4-5 दिन कुछ राहत के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार भी सर्दी से बेहाल

उत्तर प्रदेश भी कड़ाके की सर्दी से बेहाल है। कानपुर में गुरुवार को रात का तापमान 3.2 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकारियों के अनुसार कानपुर सहित कई जगह सात जनवरी तक कोल्ड डे कंडीशन की संभावना है। बिहार की राजधानी पटना समेत 22 जिलों में कोल्ड डे की स्थिति का अनुमान है।

हवाई, सड़क यातायात व ट्रेनें भी प्रभावित

घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण हवाई व सड़क यातायात के अलावा रेलवे का संचालन भी प्रभावित हो रहा है। राजधानी समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। शुक्रवार को 315 ट्रेनों को रद कर दिया गया है। इनमें 268 ट्रेनें को पूरी तरह और 47 आंशिक रूप से रद रहीं। 18 ट्रेनों को रीशेड्यूल्ड और 19 ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। कई देरी से चलीं। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 30 उड़ानें और दिल्ली पहुंचने वाली कम से कम 26 ट्रेनों में देरी हुई। एयरपोर्ट ने कहा है कि फ्लाइट पकड़ने के लिए घर से निकलने से पहले यात्रियों को संबंधित एयरलाइंस से संपर्क कर लेना चाहिए। इसी तरह अगर आप ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं, तो रद ट्रेनों की सूची देख लें।

नए साल पर हुई बर्फबारी से बढ़ी दुश्वारी

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि पहाड़ों पर नए साल तक जो बर्फबारी हुई है उसकी के कारण उत्तर पश्चिमी हवाओं के जरिये ठंडक दिल्ली को सर्द बना रही है। अभी दो दिन और ऐसी ही शीत लहर की स्थिति रहेगी। इसके बाद फिर चार पांच दिन राहत रहेगी और तापमान में थोड़ा इजाफा होगा।

यह भी पढ़ें – Gay Marriage Recognition: सुप्रीम कोर्ट ने समलैंगिक विवाह मान्यता मामले में दायर सभी याचिकाएं अपने पास करवाई ट्रांसफर

यह भी पढ़ें –Covid Cases 6 January Updation: भारत में बढ़े कोविड-19 के मामले, 228 नए केस, 4 मौतें

यह भी पढ़ें – Jacqueline Fernandez: जैकलीन फर्नांडिज ने किए माता वैष्णो देवी के दर्शन

Connect With Us: Twitter Facebook 

 

SHARE