ठंड के बीच धुंध बनी आफत, करनाल-हाईवे पर भिड़ीं करीब 30 गाड़ियां

0
314
Fog Became a Disaster Amid cold

आज समाज डिजिटल, चंडीगढ़:  समूचे उत्तर भारत में जहां एक ओर कई दिन से लगातार ठंड बढ़ती जा रही है, वहीं अब धुंध ने भी अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। दूसरी तरफ अब घनी धुंध जानलेवा साबित होने लगी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर व आसपास के राज्यों में शनिवार रात को व सुबह कई जगह धुंध रही। हरियाणा में करनाल नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार रात को धुंध के कारण तीन जगह करीब 30 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं।

धुंध के कारण विजिबिलिटी कम होने के चलते हुए हादसे 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धुंध के कारण विजिबिलिटी कम होने के चलते ये हादसे हुए। इन हादसों में 12 लोग गंभीर रूप से व कई अन्य मामूली तौर पर घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि पहला हादसा कुटेल ओवर ब्रिज के पास हुआ है। इसमें 15 से 16 गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। ट्रक, कार, ट्रैक्टर ट्रॉली और हरियाणा रोडवेज की बसें इस दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई हैं। दूसरा हादसा, मधुबन के पास हुआ है।

इसमें 10 से 12 गाड़ियां हादसे का शिकार हुई। तीसरा हादसा करनाल टोल के पास हुआ। उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। वैज्ञानिकों ने धुंध एवं कोहरे के बाद हालांकि दोपहर में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। उधर तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 19 दिसंबर से बारिश की गतिविधियों का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिन में ठंड बढ़ेगी। इससे राज्य के कई जिलों का तापमान भी गिर सकता है। बिहार में कोहरा रहने की संभावना है। इसके कारण राज्य में तापमान गिर सकता है।

पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ेगी ठंड, बर्फबारी की संभावना कम

मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भारी बर्फबारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ों में ठंड बढ़ेगी, लेकिन बर्फबारी की संभावना फिलहाल कम है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम साफ बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश, पंजाब व उत्तरी राजस्थान शीतलहर चलने के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है। साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी ठंड के बढ़ने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें – Transgender Judge Joyita Mondal : ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों व विकास के लिए आरक्षण जरूरी

यह भी पढ़ें – देश को सुपर पावर बनाने के लिए प्रधानमंत्री के ‘पंच प्रण’ पूरे करने जरूरी : राजनाथ

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE