आप भी तो नहीं खरीद रहे मिलावटी सोना? धड़ल्ले से चल रहा सोने में मिलावट का खेल!, जांच में मशीन भी फेल

0
100

Gold News: खाने-पीने, दवा वगैरह में मिलावट के बाद अब सोने में भी मिलावट की खबरें आ रही हैं। मिलावट भी ऐसी कि दावा किया जा रहा है कि यह मशीन की भी पकड़ में नहीं आ रही। आपने 22 कैरेट हॉलमार्क का जो सोना खरीदा है वह जरूरी नहीं है कि 22 कैरेट का ही हो। यानी अब हॉलमार्क लिखे होने का भी कोई खास मतलब नहीं रह गया है। हालांकि, यह अभी बड़े पैमाने पर नहीं हो रहा लेकिन ऐसी खबरें आ रही हैं।

GJC ने किया आगाह

दरअसल, सोने के आभूषणों का वजन बढ़ाने के लिए उसमें चीन से आयातित रेनियम और इरिडियम जैसी दूसरी धातुओं की मिलावट किए जाने की खबरों के बीच आभूषण उद्योग संगठन ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) ने भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) को आगाह करने के साथ कारोबारियों और ग्राहकों से सावधानी बरतने को कहा है।

मिलावट की खबरें वायरल

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं को सोने में मिलाकर उसकी शुद्धता बढ़ाए बिना वजन बढ़ाया जा सकता है। ऐसे में खरीदार को आभूषण के वास्तविक वजन और शुद्धता के अनुपात के बारे में गलत जानकारी मिल सकती है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

‘गंभीरता से ले रहा BIS’

जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन राजेश रोकड़े ने एक बयान में कहा कि सोने में रेनियम और इरिडियम जैसी धातुओं के संभावित गलत इस्तेमाल से जुड़ी खबरें आई हैं। हम पूरे आभूषण उद्योग और सोने के सभी खरीदारों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। भारतीय मानक ब्यूरो इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है।

‘BIS में दर्ज करें शिकायत’

जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल के चेयरमैन ने कहा, ”अभी तक ऐसी मिलावट का कोई मामला नहीं दिखा है, लेकिन बतौर सावधानी हमने कारोबारियों और ग्राहकों से मिलावट या धोखाधड़ी का कोई भी मामला सामने आने पर जीजेसी अथवा सीधे बीआईएस में शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। इसके साथ ही हमने आभूषण कारोबारियों को विनिर्माताओं, थोक विक्रेताओं और आपूर्तिकर्ताओं से खरीदे गए सोने की गुणवत्ता की कड़ी जांच करने को कहा है।”

‘सावधानी बरतें ग्राहक’

GJC ने ग्राहकों से भी अपील की है कि वे कम बनावट शुल्क के लालच में न आएं और भरोसेमंद दुकानदारों से ही आभूषण खरीदें। इसके अलावा BIS केयर ऐप के जरिए हॉलमार्क की जानकारी की पुष्टि करें और खरीदारी के समय ज्वेलर्स से जीएसटी वाला बिल अवश्य लें।

क्या है पूरा मामला?

एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें यह दिखाया गया कि सोने में दो धातुओं का पाउडर मिलाया जाए, तो इसे मशीन नहीं पकड़ पाती। रिपोर्ट के लिए रीनियम और इरिडियम नाम की दो धातुओं का पाउडर सोने में मिलाकर गहना बनाया गया और हॉलमार्क वाली मशीन में भी टेस्ट किया गया, तो पकड़ में नहीं आया। हालांकि, ऐसा बिलकुल नहीं कह सकते कि यह बड़े पैमाने पर हो रहा है या हॉलमार्क पर भी विश्वास न करें। लेकिन मामला गंभीर है।

  • TAGS
  • [post_tags]