गुरदासपुर: आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों ने लगाया धरना

0
274

गगन बावा, गुरदासपुर:

गांव गोहत पोखर में 30 जून को पंजाब पुलिस के एक एएसआई, उसके भाई व एक महिला ने मिलकर गली में रहने वाले एक बुजुर्ग की पीट पीट कर हत्या कर दी थी। इसे लेकर थाना तिब्बड़ पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इससे गुस्साए मृतक के परिजनों और इलाके के लोगों ने सोमवार को डाकखाना चौक में 3 घंटे तक धरना देकर यातायात जाम रखा। मृतक मस्तान सिंह के परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वे पुराना घर तोड़कर नया बनवा रहे हैं। इसके चलते पुराने घर का कुछ मलबा सड़क पर पड़ा हुआ था। पंजाब पुलिस के एएसआई लखविन्दर सिंह का घर भी उसी गली में है। मृतक मस्तान सिंह का भाई और भतीजा गली में काम कर रहे थे। इस दौरान लखविन्दर सिंह उन्हें गालियां निकालने लगा। इसी बात को लेकर उसने मृतक के भाई और भतीजे से मारपीट शुरू कर दी। इस बीच मस्तान सिंह ने बीच बचाव करना चाहा तो लखविन्दर सिंह,  तेजिन्दर सिंह और बलविन्दर कौर ने उससे मारपीट शुरू कर दी और उसे मलबे पर गिरा दिया। चोट लगने के कारण मस्तान सिंह की मौत हो गई। उधर धरने के बारे में पता चलने पर एसपी हरविन्दर सिंह संधू मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  उनके आश्वासन के बाद धरना कारी शांत हुए और धरना खत्म कर दिया गया।
SHARE