Bihar News: भागलपुर में एक ट्रेन में यात्री से मोबाइल छीनना झपटमार को भारी पड़ गया। शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में मोबाइल झपटने की कोशिश करने वाले एक झपटमार को यात्रियों ने पकड़ लिया। झपटमार काफी देर तक खिड़की से लटका रहा और लोगों से जान बख्श देने की मिन्नतें करता रहा, लेकिन लोगों ने उसका हाथ नहीं छोड़ा। आखिर में हाथ ढीला पड़ने पर वह प्लेटफॉर्म पर गिरा और घायल हो गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया।
चलती ट्रेन में खिड़की से लटकाया
वायरल वीडियो शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन की है। वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति चलती ट्रेन की खिड़की से बाहर की तरफ लटका है, जिसका हाथ ट्रेन अंदर लोगों ने पकड़ रखा है। व्यक्ति लोगों से हाथ छोड़ने की मिन्नतें कर रहा है, लेकिन लोग उसका हाथ नहीं छोड़ रहे।
आखिर में वह काफी जोर लगाकर लोगों से अपना हाथ छुड़ाने में कामयाब हो जाता है। हालांकि, तब तक ट्रेन काफी रफ्तार पकड़ चुकी थी। अचानक प्लेटफॉर्म पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो जाता है। उसी वक्त वहां मौजूद सुरक्षा बल उसे पकड़ लेते हैं।
गिरकर हुआ गंभीर रूप से घायल
दरअसल, यह व्यक्ति एक झपटमार है, जो चलती ट्रेन में लोगों से मोबाइल झपटने का काम करता था। इस दिन भी वह इसी फिराक में था। लेकिन ऐन वक्त पर वह लोगों के हाथ लग जाता है। मोबाइल झपटते वक्त लोग इसका हाथ पकड़ लेते हैं। बहुत मिन्नतों के बाद भी लोग इसका हाथ नहीं छोड़ते। लोग आपस में इसे सबक सिखाने की बात करते सुने जा सकते हैं। आखिरकार झपटमार अपना हाथ छुड़ाने में कामयाब होता है, लेकिन तेज रफ्तार ट्रेन से प्लेटफॉर्म पर गिरने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो जाता है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद सुरक्षा बल माजरा समझने के बाद उसे गिरफ्तार कर लेते हैं।


