Bhopal Thar Accident News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक ने ऐसा कांड कर दिया, जिसकी अब पूरे देश में चर्चा हो रही है। मिसरोद थाना क्षेत्र की सौम्या फॉर्च्यून हेरिटेज कॉलोनी में एक युवक ने तेज रफ्तार थार दौड़ाते हुए कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। घटना में करीब 10 गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी गर्लफ्रेंड से नाराज था और उसने गुस्से में किराये की थार लेकर कॉलोनी में आतंक मचा दिया। थार का आतंक देख लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आए। पूरी घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
देखते ही देखते मच गई अफरा-तफरी
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक किराए पर थार लेकर कॉलोनी में आया था। युवक का कॉलोनी में एक महिला से मिलने-जुलने का सिलसिला था। घटना वाली रात किसी बात को लेकर वह महिला से नाराज था। इसके बाद उसने गुस्से में अपनी थार को तेज रफ्तार में दौड़ाना शुरू कर दिया। थार को कॉलोनी के अंदर तेजी से दौड़ते और रास्ते में खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारते देखा जा सकता है। एक के बाद एक गाड़ियों से टक्कर के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। थार ने कॉलोनी के गेट को भी जोरदार टक्कर मारकर तोड़ दिया और इसके बाद बाहर की ओर निकल गई। बाहर भी कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
महिला और बच्चों ने भागकर बचाई जान
इस घटना का सबसे डरावना पहलू यह रहा कि उस समय कॉलोनी में लोग मौजूद थे। CCTV में कुछ लोग थार को अपनी तरफ आते देखकर रास्ते से हटते दिखाई देते हैं। महिलाओं और बच्चों में भी डर फैल गया और उन्होंने समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचाई। अगर लोग समय रहते नहीं हटते तो यह घटना सिर्फ वाहनों को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि बड़ा हादसा हो सकता था। यही वजह है कि घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भारी नाराजगी है।
घटना के बाद थाने पहुंचे करीब 150 लोग
घटना के बाद बड़ी संख्या में कॉलोनी के लोग मिसरोद थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब 150 निवासी पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। लोगों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करने और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज सहित अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि थार किससे किराए पर ली गई थी और घटना के समय आरोपी ने किस तरह गाड़ियों को टक्कर मारी।


