यमुनानगर : निगम के सौ दिन स्वच्छता अभियान के तहत की निगम कर्मचारियों ने सफाई

0
380

प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे 100 दिन स्वच्छता के विशेष सफाई अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों की सफाई की जा रही है। हर रोज जहां वार्डों में सफाई की जा रही है, वहीं हर वीरवार शहर के सार्वजनिक स्थानों को साफ कर चकाचक किया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम के सौ कर्मचारियों ने लगभग तीन घंटे तक सफाई कर जगाधरी के खेड़ा बाजार का चमकाया। कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार के साथ आसपास लगती कॉलोनियों व क्षेत्र की कई सड़कों को चकाचक किया। नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर के निदेर्शानुसार निगम की ओर से 100 दिन स्वच्छता के विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 28 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत वीरवार सुबह करीब 6 बजे निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह के नेतृत्व में 100 कर्मचारी जगाधरी के खेड़ा बाजार पहुंचे। निगम अधिकारियों ने पहले कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाकर टीमें बनाई। सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, प्रदीप दहिया, बिट्टू, सतबीर, फूल सिंह, सचिन कांबोज, कृष्ण कुमार, सुमित बेंस की देखरेख में कर्मचारियों ने खेड़ा बाजार में सड़क व सड़क के दोनों तरफ गहनता से सफाई की। निगम कर्मियों ने इस दौरान खेड़ा बाजार के आसपास की कॉलोनियों व सड़कों की भी सफाई की। कर्मियों ने यहां लंबे समय से जमी गंदगी, जाम नालियों व सड़कों किनारे उगी झाड़ियों और घास काटकर सफाई की। सफाई के बाद निकले कचरे को निगम कर्मियों ने ट्रैक्टर ट्रॉली के माध्यम से कचरा निस्तारण प्लांट में पहुंचाया। सफाई के दौरान जब दुकानदार बाजार पहुंचे तो उन्होंने निगम कर्मियों का बाजार को चकाचक करने पर आभार जताया। निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने कहा कि हम अपने शहर को साफ, सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए अहम प्रयास कर रहे है। इसको लेकर निगम की ओर से यह स्वच्छता अभियान चलाया हुआ है। उन्होंने बताया कि निगम का यह सफाई अभियान 28 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत 14 अक्तूबर को शहीद भगत सिंह चौक से महाराणा प्रताप चौक तक, 21 अक्तूबर जगाधरी झंडा चौक से पत्थरों वाला बाजार व 28 अक्तूबर को संतपुरा गुरुद्वारा से एमएलएन कॉलेज तक सफाई की जाएगी।

SHARE