भिवानी: कांग्रेस पहुंची स्वतंत्रता सेनानियों के घर, परिजनों को किया सम्मानित

0
469
पंकज सोनी, भिवानी:
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कांग्रेस स्वतंत्रता सेनानियों के घर पहुंची और उनके परिजनों को सम्मानित किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने शहर की कृष्णा कॉलोनी के अलावा गांव दिनोद और बीरण में स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और आजादी के आंदोलन में योगदान को याद किया। इस मौके पर दिवंगत सेनानियों के परिजनों को शाल ओढ़ाया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश और पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी व पूर्व सांसद श्रुति चौधरी के आह्वान पर शनिवार शाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वतंत्रता सेनानियों के आवास पर पहुंचे। इस कड़ी में कांग्रेस नेताओं ने गांव बीरण में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय लाल चंद यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और आजादी के आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण किया। इसके बाद स्वतंत्रता सेनानी के पुत्र विद्यानंद और रणवीर सिंह को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
वरिष्ठ नेता अमर सिंह हालुवासिया और रामप्रताप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के दिशा निर्देश पर कांग्रेस प्रदेश भर में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद सम्मान दिवस’ मनाया गया। ब्लाक कार्डिनेटर देवराज मेहता व कृष्ण लेघां ने बताया कि कांग्रेस ने ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ लंबा संघर्ष किया। स्वतंत्रता आंदोलन के बाद कांग्रेस ने आधुनिक और प्रगतिशील भारत की नींव रखी।
इसके बाद गांव दिनोद में स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत आसौदा सिंह के घर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उनकी पत्नी संतरा देवी को सम्मानित किया।
इसके बाद शहर की कृष्णा कॉलोनी में स्वतंत्रता सेनानी दिवंगत चंद्रभान जावा को उनके घर जाकर श्रद्धांजलि दी और आजादी के आंदोलन में उनके योगदान को स्मरण किया। उनके पुत्र महेंद्र जावा को सम्मानित किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रामप्रताप शर्मा, अमर सिंह हालुवासिया,  हरिसिंह सांगवान, शीशराम चेयरमैन, ब्लाक कार्डिनेटर देवराज मेहता, कृष्ण लेघां, रविंद्र खरे, सविता मान, मुकेश पहाड़ी, जय सिंह फौगाट, पूर्व सरपंच लाल चंद मौजूद रहे।
SHARE