CM Sukhu: हिमाचल में बारिश, भूस्खलन व बाढ़ से तबाही के बाद राज्य आपदा घोषित

0
222
CM Sukhu
भूस्खलन व बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने जाते हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू।

Aaj Samaj (आज समाज), CM Sukhu, शिमला: हिमाचल प्रदेश में इस जुलाई और अगस्त में बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से हुई तबाही के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे राज्य आपदा घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा, जल्द इसकी नोटिफिकेशन जारी हो जाएगी। सीएम ने कहा कि भारी बारिश व बाढ़ और लैंडस्लाइड से आम जन जीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार से मांग कर रही है कि इस तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित की जाए, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हो सका है। इसके बाद हिमाचल सरकार ने इस तबाही को राज्य आपदा घोषित कर दिया है।

10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 10 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। अफसर दिन रात पीड़ित परिवारों की मदद करने में जुटे हैं। सेना की मदद भी ली जा रही है। कांगड़ा के इंदौरा में बाढ़ प्रभावितों को रेस्क्यू किया गया है। केंद्र सरकार से अंतरिम राहत की पहली किस्त की जरूरत है। जिन लोगों के घर उजड़ें हैं, उनकी मदद करना सरकार का दायित्व है। केंद्रीय टीम भी नुकसान का जायजा लेने प्रदेश में आ चुकी है।

50 वर्ष में प्रदेश ने ऐसा भयावह मंजर नहीं देखा : सुक्खू

सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में इतनी बड़ी आपदा आई है लेकिन चारों सांसद राजनीति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा खुद मदद करने को आगे आए और प्रदेश में नुकसान के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं और वहां केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कह कि हिमाचल ने बीते 50 सालों में कभी ऐसी तबाही नहीं देखी।

समरहिल में भूस्खलन के बाद शवों का मिलना जारी

हिमाचल की राजधानी शिमला के समरहिल स्थित शिव बावड़ी मंदिर में हुए भूस्खलन के कारण मारे गए लोगों के शवों का मिलना जारी है। पांचवें दिन शुक्रवार को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूरी पर मिला एक और शव मिला। इसके बाद इस घटना में मृतक संख्या 15 पहुंच गई है।

विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर का शव कल मिला था

गुरुवार को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ तथा पुलिस के जवानों को विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं यूआईटी के पूर्व निदेशक प्रो. पीएल शर्मा का शव मंदिर से करीब 500 मीटर दूर नाले में मिट्टी के नीचे मिला था । उनकी पत्नी का शव पहले मिल चुका है और बेटा अभी लापता है। शव की पहचान उनके साले सुभाष ने हाथ में पहनी अंगूठी से की। पुलिस अधीक्षक संजय गांधी के अनुसार घटना के बाद से परिजनों द्वारा पुलिस को दी सूचना के अनुसार 21 स्थानीय लोग लापता हैं।

यह भी पढ़ें :  

Connect With Us: Twitter Facebook

 

 

SHARE