Chhattisgarh Bus Accident: दुर्ग में खाई में गिरी बस, 15 लोगों की मौत, 10 गंभीर, पीएम मोदी ने जताया दुख

0
25
Chhattisgarh Bus Accident

Aaj Samaj (आज समाज), Chhattisgarh Bus Accident रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के खाई में गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा घायल हो गए। दुर्घटना दुर्ग जिले में रायपुर-दुर्ग रोड पर कल रात हुई। सड़क से फिसलने के बाद बस एक 40 फीट गहरी ‘मुरुम’ मिट्टी की खदान के गड्ढे में जा गिरी। डिस्टिलरी कंपनी के कर्मचारी काम के बाद घर लौट रहे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व राज्य के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने हादसे पर दुख जताया है।

कलेक्टर ने की 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि

दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने हादसे में 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। वहीं पुलिस के हवाले से बताया गया है कि हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है। घायलों में 10 की हालत गंभीर है, इसीलिए मृतक संख्या बढ़ भी सकती है। बस में कुल 40 लोग सवार बताए गए हैं। ऋचा प्रकाश चौधरी  ने बताया कि रात करीब 8.30 बजे हादसा हुआ। उन्होंने कहा, 14 लोग अस्पताल में भर्ती हैं और सभी की हालत स्थिर है। दुर्घटना का कारण जानने के लिए मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है।

सीएम व पीएम ने की घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने बताया कि घायलों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बताया कि दुर्घटना का शिकार हुए लोग केडिया डिस्टिलरी के मजदूर थे। उन्होंने बताया कि वे लगभग 20 वर्षों से इसी समय उस रास्ते से निकल रहे थे। जो भी मामले में दोषी होंगे, उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई होगी।  एक मरीज ने यह भी कहा कि बस की हेडलाइट्स चालू नहीं थीं जिसके कारण ऐसा हुआ। केडिया डिस्टलरी ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए और प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने व घायलों का पूरा खर्च उठाने की बात कही है। सभी घायलों को एम्स, एपेक्स ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बस दुर्घटना में लोगों के मारे जाने की खबर बेहद दुखद : राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, दुर्घटना में कई लोगों के मारे जाने की खबर बेहद दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना! मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। पीएम मोदी ने कहा, बस दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने इसमें अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हर संभव मदद करने में लगा हुआ है।

बस नीचे गिरने के बाद पलट गई

शहर के पुलिस अधीक्षक (छावनी क्षेत्र) हरीश पाटिल ने बताया कि अलर्ट मिलने के तुरंत बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। घटनास्थल के दृश्यों से पता चलता है कि बस नीचे गिरने के बाद पलट गई और फंसे हुए यात्रियों को निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है। दुर्ग के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि दुर्घटना रात करीब साढ़े आठ बजे कुम्हारी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खपरी गांव के पास हुई।

यह भी पढ़ें:

Connect With Us : Twitter Facebook

SHARE