Share Market Update : शेयर बाजार का गोता, निवेशकों के 11 लाख करोड़ से ज्यादा डूबे

0
311
Share Market Update : शेयर बाजार का गोता, निवेशकों के 11 लाख करोड़ से ज्यादा डूबे
Share Market Update : शेयर बाजार का गोता, निवेशकों के 11 लाख करोड़ से ज्यादा डूबे

तीन दिन की बढ़त के बाद शेयर बाजार में भारी गिरावट, आज का दिन रहेगा अहम

Share Market Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : तीन दिन की तेजी के बाद भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही बुरी तरह से टूट गए। इतना ही नहीं बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को आई बड़ी बिकवाली के बीच बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 11.5 लाख करोड़ रुपये घटकर करीब 427 लाख करोड़ रुपये रह गया।

इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल

30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,496.89 अंक या 3.26 प्रतिशत गिरकर 74,207.24 पर बंद हुआ। जून 2024 के बाद यह इसकी सबसे बड़ी एक दिवसीय गिरावट है। दिन के दौरान, यह 2,753.18 अंक या 3.58 प्रतिशत गिरकर 73,950.95 पर पहुंचा था। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 775.65 अंक या 3.26 प्रतिशत गिरकर 23,002.15 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से, इटरनल, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और बजाज फिनसर्व प्रमुख पिछड़ने वाली कंपनियों में शामिल थीं। एचडीएफसी बैंक के चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती द्वारा नैतिक चिंताओं का हवाला देते हुए इस्तीफा देने के बाद बैंक के शेयरों में 5.13 प्रतिशत की गिरावट आई।

सोने और चांदी के दाम भी बुरी तरह टूटे

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच गुरुवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। चांदी की कीमत 14230 रुपये गिरकर 2.33 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 5330 रुपये गिरकर 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका-ईरान तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे डॉलर मजबूत हुआ और इसका सीधा दबाव सोने-चांदी पर पड़ा।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ताजा मौद्रिक नीति फैसले का भी असर बाजार पर देखने को मिला। फेड ने लगातार दूसरी बैठक में ब्याज दरों को 3.5% से 3.75% के दायरे में स्थिर रखा है। इससे पहले 2025 में सितंबर, अक्तूबर और दिसंबर में 0.25% की कटौती की गई थी।

  • TAGS
  • [post_tags]