Gold Price Update : सोना 300 रुपए सस्ता, चांदी 2700 रुपए कमजोर

0
291
Gold Price Update : सोना 300 रुपए सस्ता, चांदी 2700 रुपए कमजोर
Gold Price Update : सोना 300 रुपए सस्ता, चांदी 2700 रुपए कमजोर

बुधवार को भारतीय सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम में आई नरमी

Gold Price Update (आज समाज), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में नरमी देखी गई। जानकारों का कहना है कि इस नरमी के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे शांति प्रयासों का मजबूत होना रहा। इसी के चलते राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 300 रुपए टूटकर 1.57 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर रही, जबकि चांदी 2,700 रुपए फिसलकर 2.55 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 300 रुपए टूटकर 1,57,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रहा।

वहीं दूसरी तरफ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर चांदी 1.46 प्रतिशत बढ़कर 77.80 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना 0.48 प्रतिशत बढ़कर 4,742.97 डॉलर प्रति औंस रहा। जानकारों ने बताया कि सोना तेजी के साथ खुला और सकारात्मक दायरे में रहा। इससे जारी संघर्ष विराम की उम्मीदों से समर्थन मिला। हालांकि, संघर्ष विराम की अवधि बढ़ाने के संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरोधाभासी बयानों ने बाजार में अस्थिरता को बढ़ाए रखा है।

भारतीय शेयर बाजार में रहा गिरावट का दौर

बुधवार को जहां एक तरफ सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दिखाई दी वहीं भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट का दौर जारी रहा। जानकारों के मुताबिक विदेशी फंडों की निकासी और पश्चिम एशिया में अस्थिरता के कारण निवेशकों में डर का माहौल देखा गया। वहीं बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर हुआ। कारोबार खत्म होने के समय रुपया 39 पैसे गिरकर 93.83 (अनंतिम) पर बंद हुआ।

विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने बताया कि घरेलू इक्विटी बाजारों में तीव्र बिकवाली भी हुई। विदेशी पूंजी निकासी के कारण भी भारतीय मुद्रा कमजोर हुई। दिन के कारोबार के दौरान रुपया 93.87 के निचले स्तर तक भी पहुंचा। 23 मार्च को पहली बार रुपया 94 के स्तर तक भी पहुंचा था। मंगलवार को रुपया 28 पैसे गिरकर 93.44 पर बंद हुआ था। सोमवार को भी रुपया 25 पैसे फिसला था।

इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन

भारतीय शेयर बाजार तीन दिन की तेजी के बाद आज गिरावट के साथ बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सूचकांक- सेंसेक्स 756.84 अंक गिरकर 78,516.49 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 831.03 अंक तक गिरा था। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 198.50 अंक की गिरावट के साथ 24,378.10 पर बंद हुआ।

 

  • TAGS
  • [post_tags]