Business News Hindi : विपरीत हालात से जूझ कर भारत ने बनाई अलग राह

0
242
Business News Hindi : विपरीत हालात से जूझ कर भारत ने बनाई अलग राह
Business News Hindi : विपरीत हालात से जूझ कर भारत ने बनाई अलग राह

2025 में भारतीय निर्यात में शानदार इजाफा, 2026 में भी शानदार रिकॉर्ड बनने की उम्मीद

Business News Hindi (आज समाज), बिजनेस डेस्क : साल 2025 लगभग बीत चुका है। इसके अंतिम तीन दिन शेष बचे हैं। इस साल भारत के लिए जहां व्यापार के क्षेत्र में कई मुश्किलें आर्इं वहीं भारत ने नई और बड़ी उपलब्धि भी हासिल की। भारत पर अमेरिकी टैरिफ लागू होने से जहां विश्व की सभी प्रमुख रेटिंग एजेंसियों ने इसे भारत की अर्थव्यवस्था के लिए मुश्किल दौर बताया था वहीं भारतीय घरेलू बाजार की मजबूत मांग और सरकार द्वारा किए गए जीएसटी सुधारों ने इसका साया भी अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ने दिया।

इसके साथ ही भारत ने तेजी से वैश्विक व्यापार नीति में बदलाव किए और अन्य प्रमुख देशों के साथ अहम व्यापार समझौते किए जिससे भारतीय निर्यात भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। अब उम्मीद जताई जा रही है कि निर्यात की यह गति 2026 में भी जारी रह सकती है।

वैश्विक झटकों के बावजूद व्यापार रहा शानदार

वाणिज्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि व्यापार पानी की तरह होता है, वह अपना रास्ता खुद खोज लेता है।’यही बात भारत के निर्यात पर सटीक बैठती है। कोविड-19 महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध, इस्राइल-हमास संघर्ष, रेड सी संकट, सेमीकंडक्टर की कमी और अब अमेरिकी टैरिफ, इन सभी झटकों के बावजूद भारतीय निर्यात ने खुद को संभाला है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो 2020 में भारत का माल निर्यात 276.5 अरब डॉलर था। यह 2021 में बढ़कर 395.5 अरब डॉलर और 2022 में 453.3 अरब डॉलर तक पहुंचा। 2023 में गिरावट आई और निर्यात 389.5 अरब डॉलर रहा, लेकिन 2024 में फिर उछाल आया और यह 443 अरब डॉलर तक पहुंच गया। 2025 में जनवरी से नवंबर तक निर्यात 407 अरब डॉलर हो चुका है।

साल 2026 में कई नए एफटीए लागू होंगे

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के अनुसार, 2024-25 में भारत के वस्तु और सेवा निर्यात ने 825.25 अरब डॉलर का ऐतिहासिक स्तर छुआ, जो साल-दर-साल छह प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त है। मौजूदा वित्त वर्ष (अप्रैल-नवंबर 2025) में भी निर्यात 562 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। यह वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूती को दिखाता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा रुझानों को देखते हुए 2026 में भी निर्यात में अच्छी वृद्धि की उम्मीद है। अगले साल यूके, ओमान और न्यूजीलैंड के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) लागू होंगे, जिससे भारतीय उत्पादों और सेवाओं को नए बाजार मिलेंगे।

  • TAGS
  • [post_tags]