अचानक ब्रेक मारने से ट्रक के पीछे घुसी बोलेरो पिकअप, साले की मौत, जीजा घायल

0
428
yamunanagar accident
yamunanagar accident

यमुनानगर। (प्रभजीत सिंह) नेशनल हाईवे दामला पुल के पास चालक के अचानक ब्रेक मारने से ट्रक में बलैरो पिकअप भिड़ गई। हादसा इतना तेज था कि अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से पिकअप में सवार जीजा-साला बुरी तरह फंस गए। आधा घंटे की मशक्कत कर लोगों ने खिड़कियां तोड़ दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक साले की मौत हो चुकी थी। जबकि जीजा बेहोश हो गया। जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। दोनों जीजा साला पंजाब के अमृतसर में कच्चा आम सप्लाई कर वापस सहारनपुर लौट रहे थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार सहारनपुर के गांव कपूरी निवासी असगर अली ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका आम का व्यापार है। वे सहारनपुर से अपने आम की सप्लाई यूपी के साथ पंजाब व हरियाणा में करते है। इसमें उसका भतीजा इंतजार व दामाद मुबारिक उसके साथ मिलकर काम करते है। शनिवार को उसका भतीजा इंतजार व दामाद मुबारिक बलैरो पिकअप में कच्चा आम लोड कर अमृतसर (पंजाब) सब्जीमंडी में सप्लाई करने गए थे।  रविवार को अमृतसर मंडी में माल उतारकर वापस सहारनपुर आ रहे थे। पिकअप उसका दामाद मुबारिक चला रहा था। जबकि उसकी साथ वाली सीट पर उसका भतीजा सवार था। नेशनल हाईवे पर जब वे दामला पुल के पास पहुंचे तो उनके आगे आगे चल रहे ट्रक कंटेनर चालक ने सड़क के बीच अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे उनकी पिकअप पीछे से ट्रक में भिड़ गई। टक्कर लगते ही पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें उसका भतीजा व दामाद बुरी तरह फंस गए। जिन्हें बड़ी मुश्किल से खिड़कियां तोड़कर निकाला गया। लेकिन तब तक उसके भतीजे की मौत हो चुकी थी। जबकि उसका दामाद गंभीर रूप से घायल हो गए। अचेत हालत में उसे जगाधरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

SHARE