यमुनानगर : भाजपा नेताओं ने पुतला फूंकने का किया ड्रामा : गुर्जर

0
301

प्रभजीत सिंह लक्की, यमुनानगर :
हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रो. राय सिंह गुर्जर ने भाजपा नेताओं द्वारा कांग्रेस के खिलाफ पुतला फूंके जाने को नौटंकी करार दिया। उन्होंने कहा कि देश के किसानों और कांग्रेस पार्टी का एक दूसरे के प्रति आपसी सहयोग और विश्वास देखकर हरियाणा भाजपा के नेता अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने हरियाणा भाजपा के नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि नेताओं को अपने राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर जाकर केवल हम दो और एकमात्र हमारे दो के लिए बनाई गई नीतियों के फैसलों का पुतला फूंकना चाहिए ताकि देश के किसानो को गिरवी रखने का जो एजेंडा तैयार किया गया है उससे अन्नदाता को बचाया जा सके।
प्रो. राय सिंह गुर्जर ने कहा कि हरियाणा भाजपा के नेताओं ने बे वजह पुतला फूंकने का ड्रामा कर खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे की कहावत को चरितार्थ किया है। भाजपा नेताओं को यह भली-भांति समझना चाहिए कि किसानों का आंदोलन केंद्र की भाजपा सरकार और प्रदेशों में इन कानूनों का समर्थन करने वाली सरकारों के खिलाफ है। तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 9 महीने से लगातार आंदोलन कर रहे हैं किसानों पर भाजपा सरकारों ने अत्याचार किए हैं। मुट्ठी भर उद्योगपतियों से अरबों का सहयोग लेकर 2014 और 2019 की सत्ता का खेलने वाली भाजपा उन उद्योगपतियों की मदद के लिए देश के किसान आंदोलन को मुट्ठी भर किसानों का आंदोलन बताती रही और आज जब देश का किसान इनके काले कानूनों के खिलाफ सड़क पर है ।तो उसे कांग्रेस का आंदोलन बताया जा रहा है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि हम एक बार नहीं बल्कि सैकड़ों बार इस बात को दोहराएंगे कि हम किसानों के त्याग तपस्या और संघर्ष के पवित्र, अहिंसात्मक व गांधीवादी विचारधारा के सत्याग्रही संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसान के फसल के उत्पादन की लागत और रखरखाव के अलावा डीजल व पेट्रोल के मूल्य में 30 प्रतिशत वृद्धि कर रबी फसलों के मूल्य में मात्र 1 से 1.5 प्रतिशत बढ़ोतरी का ढोंग कर रही है।गन्ने की फसल के मूल्य देने की वकालत करने वाले फर्जी किसानों के ठेकेदारों को यह याद रखना चाहिए की 2004 से लेकर 2014 तक प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने 10 वर्षों में गन्ने की कीमत करीब 200 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ाए जबकि कंपनी राज के निर्देश पर चलने वाली भाजपा सरकार में 7 वर्षों में कुल 42 रुपए ही बढ़ाए जा सके। राय सिंह गुर्जर ने कहा कि जितनी भी महत्वपूर्ण नीतियां कांग्रेस के शासन में शुरूआत की गई थीं उन सबको भाजपा ने दिशाहीन करके केवल अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए नए कानून तैयार किए। फसल बीमा योजना देश के अंदर सबसे बड़ा घोटाला रहा जिसमें कंपनी राज के प्रमुख कंपनियों की बड़ी-बड़ी कंपनियों को मोटा मुनाफा पहुंचाया गया जबकि किसान को आज तक उसका मुआवजा नहीं मिला।प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि 2022 में किसानों की आमदनी दुगनी करने वाले अब तैयार रहें। 1 जनवरी 2022 से किसान अपने सभी फसलों के मूल्यों की तुलना 1 जनवरी 2021 से दुगना लेना शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि देश में सबसे पहले कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने सड़क से लेकर संसद तक 3 कृषि काले कानूनों का विरोध किया था। पंजाब और हरियाणा में ट्रैक्टर यात्रा उन्होंने संदेश दिया कि हम किसान के साथ मजबूती से खड़े हैं। हरियाणा में प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्षा कुमारी शैलजा के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस ने किसान के हर संघर्ष में उनका मजबूती से साथ दिया है। कांग्रेस तब तक किसानों के साथ खड़ी रहेगी जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता है।

SHARE