करनाल: भाजपा सरकार कर रही है संसद और विधानसभा में लोकतंत्र का चीरहरण : रमेश सैनी 

0
303
प्रवीण वालिया, करनाल:
हरियाणा विधानसभा परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री तथा विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ सुरक्षा बलों द्वारा धक्का मुक्की करने तथा उन्हें विधानसभा में जाने से जबरन रोकने को हरियाणा कांग्रेस के पूर्व महासचिव रमेश सैनी ने लोकतंत्र का चीरहरण बताया हैं। उन्होंने इसके लिए सीधे तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को उत्तरदायी ठहराते हुए उनसे इस कृत्य के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोक लाज से लोकराज चलता है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस प्रदेश के दस सालों तक सी.एम रहे हैं। इससे पहले लोकसभा सदस्य और विधायक भी रहे हैं। वह प्रदेश की जानी मानी राजनीतिक हस्ती हैैं। उनके साथ विधानसभा परिसर में इस तरह की घटना को अंजाम देना लोकतंत्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष का नेता किसी भी तरह से मुख्यमंत्री से कम नहीं होता है। वह विपक्ष के साथ जनता की आवाज होता है। यह बात नहीं कि सुरक्षा बल पूर्व सीएम को पहचानते ना हों। सैनी ने कहा कि भाजपा को अपना पुराना समय नहीं भूलना चाहिए, जब इनके सदस्यों की संख्या दहाई तक नहीं पहुंच पाती थी। उस समय भी कांग्रेस की तत्कालीन सरकारों ने भाजपा के नेताओं को पूरा सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र का लगातार अपमान कर रही है। संसद में भी लोकतंत्र का भाजपा सरकार ने खुला चीरहरण किया। अब राज्य विधानसभा  में मनोहर सरकार कर रही है। जनता इसका जवाब देगी।
SHARE