UP News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। बघौचघाट के पथरदेवा में दुर्गा पूजा मेले के दौरान डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद हो गया। भीड़ ने चौकी प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार किया। इस मामले में रविवार को पुलिस ने सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
डीजे बंद कराने पर विवाद
तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा में 19 अक्तूबर की देर रात दुर्गा पूजा मेले में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। आरोप है कि पुलिस टीम ने निर्धारित समय के बाद डीजे बंद कराने का प्रयास किया तो कुछ लोग नारेबाजी करने लगे।
देवरिया – दुर्गा पूजा मेले में पुलिस से धक्का-मुक्की
➡️ DJ बंद कराने पहुंचे चौकी इंचार्ज से अभद्रता
➡️ चौकी इंचार्ज अमित कुमार राय से धक्का-मुक्की
➡️ मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
➡️ तरकुलवा थाना क्षेत्र के पथरदेवा का मामला.#Deoria @DeoriaPolice @Uppolice https://t.co/uy4B1wpHpE
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) October 26, 2026
चौकी प्रभारी से धक्का-मुक्की
इस दौरान चौकी प्रभारी अनित कुमार राय भीड़ को शांत कराने पहुंचे। कुछ लोगों ने पीछे से उनके साथ धक्का-मुक्की की और दुर्व्यवहार किया। पुलिस का कहना है कि घटना के समय भीड़ अधिक होने के कारण आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें चौकी प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।
आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।


