पानीपत में पड़ोसी नाबालिग द्वारा दो साल की बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास

0
356
rape
rape
आज समाज डिजिटल, पानीपत:
पानीपत। शहर के थाना चांदनीबाग क्षेत्र में महज दो साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला सामने आया है। दर्द से कहराती बच्ची को लेकर परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उसे डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और बच्ची के परिजनों के बयानों के आधार पर पॉस्को एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। डॉक्टरों का कहना है कि अभी बच्ची का मेडिकल होगा। थाना चांदनीबाग की जांच अधिकारी एसआई संगीता ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। वह मूल रूप से यूपी की रहने वाली है। पिछले 3 माह से पानीपत किशनपुरा चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहती है। जिस मकान में वह रहती है, वहां पर अन्य किराएदार भी रहते हैं। शुक्रवार को बच्ची की मां काम पर गई थी और उसका पति किसी काम से गांव गया हुआ है।

टीवी की आवाज़ तेज कर किया दुष्कर्म का प्रयास

दो साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाला 16 वर्षीय किशोर खिलाने के बहाने ले गया। घर पर किशोर और बच्ची अकेली थी। किशोर ने कमरे में टीवी की आवाज तेज कर दी और तब उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। दोपहर को जब मां खाना बनाने के लिए घर पहुंची तो वह अपनी बच्ची को पड़ोसी के घर लेने पहुंची। उसने देखा कि बच्ची के तन पर सिर्फ एक ही कपड़ा था। वह रो रही थी और कमर से नीचे लहूलुहान थी।

किशोर ने घिनौनी वारदात करने की बात स्वीकार कर ली

अनहोनी की आशंका से उसने किशोर से पूछताछ की। पहले तो वह बहाने बनाता रहा, लेकिन जब महिला ने उससे सख्ती से पूछा तो किशोर ने घिनौनी वारदात करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद वह बच्ची को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची। बदनामी के डर से आरोपी की मां और उसके पक्ष में मकान मालकिन भी आई। दोनों ने बच्ची का उपचार कराकर जल्द ठीक करवाने की बात कही। बच्ची को 3 दिन दवाई भी खिलाई गई, मगर वह दर्द से लगातार कहराती व रोती रही। बच्ची की हालत देखकर महिला ने परिजनों से यह बात सांझा की और परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
SHARE