Asiad Games 2023: एशियाड में पहली बार 100 पदक का आंकड़ा छूने पर पीएम मोदी ने भारतीय दल को दी बधाई

0
293
Asiad Games 2023
एशियाड में पहली बार 100 पदक का आंकड़ा छूने पर पीएम मोदी ने भारतीय दल को दी बधाई

Aaj Samaj (आज समाज), Asiad Games 2023, नई दिल्ली/हांगझोउ: भारतीय दल ने एशियाई खेलों में पहली बार 100 पदक जीतकर इतिहास रच दिया है, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। चीन के हांगझोउ में आयोजित एशियाड गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को आज सुबह रोमांचक फाइनल मुकाबले में 26-25 से हराकर स्वर्ण और भारत का 100वां पदक जीता। पीएम मोदी ने एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में इस ऐतिहासिक जीत को असाधरण उपलब्धि बताया है। उन्होंने लिखा, एशियाई खेलों में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि! पूरा देश इस बात से रोमांचित हैं कि हम 100 पदकों की उल्लेखनीय उपलब्धि तक पहुंच गए हैं।

  • महिला कबड्डी टीम ने 100वां पदक जीता
  • पूजा ने भारत के लिए कई अंक जुटाए

पीएम 10 अक्टूबर को एथलीटों के साथ करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री ने कहा, मैं 10 अक्टूबर को को एशियाई खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल की मेजबानी करने और हमारे एथलीटों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं। ये अभूतपूर्व पदक 60 से ज्यादा वर्ष में एशियाई खेलों में भारत की अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंक भी सुनिश्चित करेंगे, जिसमें अब चीन, जापान और दक्षिण कोरिया के बाद चौथा स्थान सुरक्षित हो गया है। पीएम ने कहा, प्रत्येक विस्मयकारी प्रदर्शन ने इतिहास रचा है और हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है। इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 70 पदकों का था, जो 2018 के एशियन गेम्स में भारतीय दल ने जीता था।

समापन से पहले वाले दिन की शुरुआत 86 पदकों से की

भारत ने प्रतियोगिता के समापन से पहले वाले दिन की शुरुआत 86 पदकों के साथ की। दिन भर में, टीम ने हॉकी (स्वर्ण), तीरंदाजी (रजत और कांस्य), ब्रिज (रजत), बैडमिंटन (कांस्य), सेपकटकरा (कांस्य) और कुश्ती (3 कांस्य) में पदक जीतकर तालिका में 9 और पदक जोड़े। उसके कुल मिलाकर 95 हो गए। लास्ट में महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा आर्चरी में आज 4 मेडल आए।

महिला कबड्डी टीम का यह तीसरा गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम का यह तीसरा गोल्ड मेडल है। पिछली बार जकार्ता में उसने रजत पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपे ने बेहद कड़ी चुनौती दी लेकिन भारत ने एक अंक से बाजी मारी। हाफटाइम तक भारत के पास 5 अंकों की बढत थी। पूजा ने भारत के लिए कई अंक जुटाए।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE