श्री विष्णु भगवान मंदिर में 26 अक्टूबर को मनाया जाएगा अन्नकूट महोत्सव

0
256
Annakoot Festival will be celebrated on 26 October at Shri Vishnu Bhagwan Temple

नीरज कौशिक, महेंद्रगढ़:

शहर के रेलवे रोड़ स्थित विष्णु भगवान मंदिर में 26 अक्टूबर बुधवार को हर वर्ष की भांति गोवर्धन पर्व के उपलक्ष में अन्नकूट का प्रसाद बनाया जाएगा। श्री विष्णु भगवान मंदिर कमेटी के प्रधान मनोहरलाल झूकिया ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी गोवर्धन उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का बहुत अधिक महत्व होता है। यह त्योहार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष के प्रतिपदा को मनाया जाता है। परन्तु इस बार सूर्यग्रहण होने की वजह से अगले दिन मनाया जा रहा है।

मंदिर कमेटी ने आवश्यक मीटिंग कर ली

इस विषय में जानकारी देते हुए मन्दिर के संरक्षक संजय मित्तल ने बताया कि गोवर्धन पर्व के उपलक्ष में रेलवे रोड़ स्थित श्री विष्णु भगवान मन्दिर के प्रांगण में अन्नकूट का प्रसाद बनाया जाएगा जिसमें मूंग, चावल, कढ़ी, बाजरा एवं सब्जी का भोग दोपहर 12:00 बजे ठाकुर जी को लगाया जाएगा। उसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में मंदिर कमेटी की आवश्यक मीटिंग कर ली गई है जिसमें सभी ने सर्वसम्मति से अन्नकूट का प्रसाद बनाने की सहमति जताई है।

अन्नकूट का गोवर्धन पूजा के दिन विशेष महत्व

मन्दिर के पुजारी शंकर लाल ने बताया कि पौराणिक कथाओं के अनुसार गोवर्धन पूजा के दिन भगवान कृष्ण ने इंद्र देव के घमंड को खत्म किया था और सभी ब्रजवासियों को बारिश से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा यानी छोटी अंगुली पर उठा लिया था। मान्यताओं के अनुसार गोवर्धन पर्वत के नीचे ब्रजवासियों ने सात दिन बिताए थे। उस समय सभी लोग अन्न, सब्जियां और फल एकत्रित करते थे और फिर साथ में मिल बांटकर खाते थे। ऐसा माना जाता है कि संकट के समय में भी वह खाना बहुत स्वादिष्ट होता था जिसे भगवान कृष्ण भी सभी के साथ मिलकर खाते थे। तभी से इसे अन्नकूट प्रसाद के रूप में माना जाने लगा। उन्होंने बताया कि अन्नकूट का गोवर्धन पूजा के दिन विशेष महत्व होता है। भगवान के लिए अन्नकूट प्रसाद में कई सारी सब्जियों को मिलाकर मिक्स सब्जी, मूंग की खिचड़ी, बाजरे का हलवा और कढ़ी-चावल आदि बनाया जाता है। इसके बाद भगवान कृष्ण को भोग लगाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि अन्नकूट प्रसाद से भगवान प्रसन्न होते हैं और अपने भक्तों पर कृपा बनाए रखते हैं।

मंदिर कमेटी के प्रधान मनोहरलाल झूकिया, मन्दिर के संरक्षक संजय मित्तल एवं मन्दिर के पुजारी शंकर लाल ने सभी को धनतेरस एवं दिवाली पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि धनतेरस व दीपावली का त्यौहार सबके जीवन में धन, वैभव, सुख, समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य लेकर आए। साथ ही उन्होंने अपील की है कि इस दीवाली सभी खुश रहें, स्वस्थ रहें और खुशियां बांटे।

इस अवसर पर उपस्थित रहे

इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान मनोहरलाल झुकिया, रामानंद शर्मा, संजय मित्तल, लक्ष्मी नारायण कौशिक, रुपेश गर्ग, सुशील अग्रवाल, डॉ. सुधीर यादव, रत्न लाल माधोगढ़िया, नवीन माधोगढ़िया, मुकेश कुमार शर्मा, प्रदीप निभेड़िया, मनोज कुमार, तरूण, दीपक चौधरी, अमरजीत अरोड़ा, संजय माधोगढ़िया, नरेन्द्र बैरावासिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें : विद्यार्थियों को करवाया संसद की कार्यप्रणाली से अवगत

ये भी पढ़ें : उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने किया मतगणना केंद्र व स्ट्रांग रूम का निरीक्षण

Connect With Us: Twitter Facebook
SHARE