नीरज कौशिक, महेंद्रगढ़:
- पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर किया अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज
सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत तथा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शव का बुधवार को महेंद्रगढ़ उपनागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक के पिता संतलाल ने दी शिकायत में बताया कि वह लोहारू का रहने वाला है। उसके लड़के पिन्टु ने सतनाली में ऑप्टिकल की दुकान की हुई है। बीती एक नवंबर को उसका लड़का व पथरवा निवासी नवीन बाइक पर सवार होकर घर आ रहे थे।
लड़के भी गंभीर रूप से घायल
जब वे पथरवा के पास पहुंचे तो सामने से एक अज्ञात वाहन चालक ने तेज गति, लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों लड़के बाइक सहित सड़क पर गिर गए। जिससे बाइक क्षतिग्रस्त होने के साथ दोनों लड़के भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बारे में पता चलने पर वह अपने घायल लड़के को साधन का इंतजाम करके महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर आया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति के चलते उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। जब वह अपने लड़के को इलाज के लिए रेवाड़ी ले जा रहा था तो उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल नवीन को उसके परिजन महेंद्रगढ़ के एक निजी अस्पताल ले गए जहां पर उसका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें : सतलुज पब्लिक स्कूल में युवा सांसद की बैठक का परिदृश्य
ये भी पढ़ें : बचपन प्ले स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनाया हैलोविन दिवस अर्थात आत्माओं का दिवस